विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather: IMD का देहरादून-टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, भूस्खलन से कई रास्ते बाधित

Updated: Mon, 17 Aug 2026 07:45 AM (IST)

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता से पहाड़ से मैदान तक लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित है। देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि भूस्खलन से कई मार्ग बाधित हुए हैं।

बारिश के बीच भरा पानी।

बारिश के बीच भरा पानी।

HighLights

  1. उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता से लगातार बारिश जारी

  2. देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

  3. भूस्खलन से कई पहाड़ी मार्ग बाधित, आवाजाही प्रभावित

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच पहाड़ से मैदान तक बारिश का दौर जारी है। घने बादलों और लगातार हो रही वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। देहरादून में झमाझम बारिश से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन से कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछार की संभावना जताई है। जबकि, देहरादून और टिहरी में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कुमाऊं के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में शनिवार रात हुई तेज बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं।

पहाड़ों में लगातार बारिश से कई मार्गों पर भूस्खलन

भूस्खलन के कारण टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर पांच घंटे से अधिक समय तक यातायात ठप रहा। अस्कोट-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग पर बेरीनाग और थल के बीच मलबा आने से आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित हुई। वहीं थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग पर ला-झेकला के पास डंपर फंसने से मार्ग करीब आठ घंटे बंद रहा। इस दौरान दर्जनों वाहन फंसे रहे।

यह भी पढ़ें- UP Weather: यूपी में फिर मानसून एक्टिव, 17 अगस्त से 47 जिलों में झमाझम बारिश; बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम

देहरादून और टिहरी में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार को देहरादून और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है। शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में SSB की बड़ी कार्रवाई: सीमा पर पकड़ी 54 लाख की जाली करेंसी, मानव तस्करों के चंगुल से 52 पीड़ित मुक्त कराए

अभी 18 से 20 अगस्त तक भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश और गरज-चमक के दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन, मलबा आने और निचले क्षेत्रों में जलभराव का खतरा बना रहेगा।