हरिद्वार हाईवे पर धू-धू कर जली कार, चालक की समझदारी से बची जान
हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाई, जिससे कोई जनहानि नहीं ह ...और पढ़ें
HighLights
हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर चलती कार में लगी आग
चालक ने सूझबूझ से समय रहते वाहन से बाहर निकला
पुलिस ने वाहन चालकों को नियमित सर्विसिंग की सलाह दी
संवाद सूत्र, श्यामपुर (हरिद्वार)। हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार में अचानक भीषण आग लग गई।
गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और वाहन से बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
धुआं उठते ही रोका वाहन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को एक टाटा जेस्ट कार हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही कार रसिया बड़ के समीप पहुंची, अचानक उसके बोनट से तेज धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर वह फौरन नीचे उतर गया। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।
आग पर पाया काबू
चालक की सूचना पर श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
दमकल वाहन के पहुंचने से पहले पुलिसकर्मी अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे।
बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बमुश्किल आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
वाहन चालकों से अपील
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि चालक की समझदारी के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी यात्रा पर निकलने से पहले अपने वाहनों की नियमित सर्विसिंग कराने के साथ-साथ इलेक्ट्रिकल वायरिंग और सिस्टम की भी अच्छी तरह जांच करा लें, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।