होली पर खून से रंगी सड़कें, हरिद्वार में अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की हुई मौत
होली के दौरान हरिद्वार में तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण पांच लोगों की जान चली गई। ज्वालापुर में कार ने फल विक्रेताओं को रौंदा, एक की मौत। ...और पढ़ें

हादसे के बाद जान बचने की उम्मीद पर मजदूर को जिला अस्पताल भिजवाती पुलिस।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। होली पर तेज रफ्तार और जल्दबाजी के चक्कर में पांच राहगीरों की जान चली गई। ज्वालापुर में एक तेज रफ्तार कार ने हाईवे किनारे फल बेच रहे विक्रेताओं को रौंद डाला।
हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि गंभीर हालत में दो युवकों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। उत्तरी हरिद्वार में स्कूटी व बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई।
सिडकुल और श्यामपुर क्षेत्र में भी दो राहगीरों की मौत हुई। जबकि पथरी क्षेत्र के फेरुपुर में लोडर पलटने से मजदूर की मौत हो गई।
ज्वालापुर में तेज रफ्तार कार का कहर
हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में हाइवे किनारे स्ट्राबेरी का ठेला लगाए खड़े तीन युवकों को अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे मंगलौर निवासी एक युवक में मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मंगलौर निवासी तबरेज, असलम और उजैफा ज्वालापुर क्षेत्र में सीएनजी पंप के पास हाईवे किनारे स्ट्राबेरी बेचने का काम करते थे।
बुधवार शाम करीब पौने छह बजे तीनों युवक अपने ठेले के पास खड़े थे। उसी दौरान हरिद्वार से रुड़की की ओर तेज गति से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई।
कार ने पहले हाईवे की रेलिंग तोड़ दी और इसके बाद सड़क किनारे खड़े तीनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तबरेज निवासी मोहल्ला बंदर टोल, मंगलौर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि असलम निवासी मलानपुरा मजवत्ता, मंगलौर और उजैफा निवासी मलकपुरा, मंगलौर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक के भाई जुबैर की तहरीर पर आरोपित कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सिडकुल में घायल पड़ा मिला पौड़ी का युवक
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में पौड़ी गढ़वाल का एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। वह हैवल्स कंपनी के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
एम्स ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि युवक की पहचान सुमन निवासी ग्राम कटनी, थाना लैंसडौन, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
टायर फटने से पलटा लोडर, दबा मजदूर
पथरी। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर फेरूपुर में टायर फटने के बाद मार्बल पत्थर से लदा एक लोडर पलट गया। लोडर के पीछे बैठे मजदूर की दबकर मौत हो गई।
मार्बल पत्थर खाली करने के बाद लोडर को सीधा कराया गया। हादसे की सूचना पर धनपुरा से स्वजन और ग्रामीण फेरुपुर की तरफ दौड़ पड़े।
पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि हरिद्वार की ओर से एक एक लोडर मार्बल पत्थर लेकर लक्सर की ओर जा रहा था। फेरुपुर में निर्भय फार्म हाउस के पास टायर फटने पर अचानक लोडर पलट गया।
पीछे बैठे मजदूर मेहरबान निवासी धनपुरा की लोडर व पत्थरों के बीच दब गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंचे फेरूपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ और राहगीरों की मदद से मजदूर को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। डाक्टरों ने मेहरबान को मृत घोषित कर दिया।
बाइक और स्कूटी की भिड़ंत
हरिद्वार। देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोतीचूर फ्लाईओवर के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की जान चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ज्वालापुर निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
तेज रफ्तार वाहन ने कुचला
हरिद्वार। नजीबाबाद हाईवे पर श्यामपुर के पास सड़क पार कर रहे एक मजदूर को किसी तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।
हादसे में मजदूर संजय निवासी बिजनौर की मौके पर ही मौत हो गई। संजय टिहरी गढ़वाल में मजदूरी करता था और होली पर अपने साथियों के साथ घर लौट रहा था।
इसी दौरान श्यामपुर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची श्यामपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह भी पढ़ें- रुड़की के गंगनहर पटरी पर दर्दनाक हादसा, शादी से लौट रहे दो दोस्तों की हुई मौत
यह भी पढ़ें- रुड़की के कलियर में सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की हुई मौत