कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं को मिलेगी 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा, आज से हेल्थ कंट्रोल रूम शुरू
कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार में आज से 24 घंटे संचालित होने वाला हेल्थ कंट्रोल रूम शुरू हो रहा है, जो श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान करेग ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग बुधवार से 24 घंटे संचालित होने वाला हेल्थ कंट्रोल रूम शुरू करने जा रहा है।
मेला अस्पताल के समीप स्थित टीबी अस्पताल में बनाए जा रहे इस कंट्रोल रूम से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के साथ ही आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके हेल्पलाइन नंबर भी जल्द जारी किए जाएंगे।
स्थापित किए जा रहे 33 अस्थायी अस्पताल
कांवड़ मेले की उल्टी गिनती शुरू होते ही स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नोडल अधिकारी डा राजेश गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर 33 अस्थायी अस्पताल स्थापित किए जा रहे हैं। जिनमें 27 सरकारी अस्पताल होंगे। सभी अस्पताल तीन शिफ्टों में संचालित किए जाएंगे। जिससे श्रद्धालुओं को चौबीसों घंटे चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बताया कि प्रत्येक अस्थायी अस्पताल में एक चिकित्सक और एक पैरामेडिकल कर्मी की तैनाती रहेगी। इसके अलावा आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार की सभी सुविधाओं और एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जा रही है।
डा गुप्ता ने बताया कि इस बार गंगा घाटों और जल क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। इसके लिए एसडीआरएफ के साथ समन्वय किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि कांवड़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
पांच रेफरल अस्पताल में बनाए
हरिद्वार:कांवड़ मेले को पांच रेफरल अस्पताल भी चिह्नित किए गए हैं। इनमें मेला अस्पताल, भूमानंद, पतंजलि, आरोग्यम और सिविल अस्पताल रुड़की शामिल है। नोडल अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों में आए गंभीर मरीजों को इन सुविधानुरूप इस अस्पतालों में रेफर किया जाएगा।