Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरिद्वार में कांवड़ की ऊंचाई पर सख्ती, छह फीट से ऊंची Kanwar बेचने पर होगी कार्रवाई

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 10:52 AM (IST)

    हरिद्वार पुलिस ने चमगादड़ टापू स्थित कांवड़ बाजार के दुकानदारों को छह फीट से ऊंची कांवड़ न बेचने की सख्त हिदायत दी है। ...और पढ़ें

    सावन शुरू होते ही धर्मनगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। जागरण

    सावन शुरू होते ही धर्मनगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और संभावित हादसों से बचाव के लिए तय की गई कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई के मानकों का पालन कराने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है।

    श्रावण मास के पहले दिन पुलिस ने चमगादड़ टापू पहुंचकर कांवड़ बाजार के दुकानदारों को हिदायत दी कि छह फीट से ऊंची कांवड़ न बनाई जाए। नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

    सभी दुकानदारों के लिए शासन की गाइडलाइन

    कांवड़ मेले की शुरुआत के साथ ही चमगादड़ टापू स्थित कांवड़ बाजार पूरी तरह सज चुका है। यहां उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों के लिए रंग-बिरंगी और आकर्षक कांवड़ें उपलब्ध हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।

    ऐसे में पुलिस और मेला प्रशासन सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने में जुट गया है। शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा एक टीम लेकर चमगादड़ टापू स्थित कांवड़ बाजार पहुंचे। पुलिस टीम ने सभी दुकानदारों को शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि छह फीट से अधिक ऊंची कांवड़ लेकर चलने से भीड़भाड़ वाले मार्गों पर यातायात प्रभावित होता है।

    बिजली की लाइनों, पुलों और अन्य स्थानों पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी कारण इस बार ऊंचाई की सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके अलावा झांकी वाली कांवड़ों की चौड़ाई को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। दुकानदारों से कहा गया है कि झांकी का आकार ऐसा रखा जाए जिससे सड़क पर अन्य श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि कांवड़ बाजार की निगरानी के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें लगातार बाजार में भ्रमण कर दुकानों का निरीक्षण कर रही हैं और यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कहीं भी निर्धारित मानकों से बड़ी कांवड़ की बिक्री न हो। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी से नियमों का पालन करने अपील की गई है।

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा 2026: देहरादून में 11 अगस्त तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, जानें नया रूट प्लान

    यह भी पढ़ें- हरिद्वार कांवड़ मेला: आकर्षण का केंद्र बनी 5.5 करोड़ की मैकलारेन कार थीम वाली कांवड़, सोशल मीडिया पर वायरल

    खबरें और भी