हरिद्वार में अचानक बढ़ा गंगा का जलस्तर तो 21 श्रद्धालु टापू पर फंसे, पुलिस ने ऐसे किया रेस्क्यू
उत्तरी हरिद्वार में कबीर कुटीर घाट पर स्नान कर रहे दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 21 श्रद्धालु गंगा में जलस्तर बढ़ने से एक टापू पर फंस गए। ...और पढ़ें
HighLights
उत्तरी हरिद्वार में गंगा के टापू पर फंसे श्रद्धालु।
जलस्तर बढ़ने से 21 लोग हुए थे परेशान।
पुलिस और जल पुलिस ने किया सफल रेस्क्यू।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, कबीर कुटीर घाट व सप्तऋषि क्षेत्र में घाट के आगे बने टापू पर कुछ पुरुष, महिलाएं व बच्चे स्नान के दौरान जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंस गए।
सूचना पर सप्तऋषि चौकी पुलिस और जल पुलिस के गोताखोरों ने रेस्क्यू आपरेशन चलाते हुए सभी श्रद्धालुओं को बचाया।
शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के कुछ श्रद्धालु कबीर कुटीर घाट के पास स्नान कर रहे थे। इस दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने पर वह टापू पर फंस गए।
पुलिस टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मदद की पुकार लगाने पर स्थानीय निवासियों की सूचना पर पुलिस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और टापू पर फंसे सभी व्यक्तियों को सुरक्षित किनारे पर लाया गया। रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में 10 पुरुष, सात महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। सभी लोग पूर्णतः सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में 200 फीट गहरी खाई में गिरा पर्यटक, SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
श्रद्धालुओं ने जान बचाने पर पुलिस को धन्यवाद दिया। वहीं, पुलिस ने गंगा में स्नान करते समय जलस्तर व बहाव का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्हें जागरूक व सतर्क किया गया कि नदी के बीच बने टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें।