कांवड़ मेले में गांजा बेचते दो भाई दबोचे, 9.8 किलो गांजा बरामद
हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान गांजा बेचते दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 9.8 किलो गांजा बरामद हुआ है और मुजफ्फरनगर के ए ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले में गांजा बेच रहे दो सगे भाइयों को शहर कोतवाली की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 9.8 किलो गांजा बरामद हुआ है। मुजफ्फरनगर के एक सप्लायर का नाम भी सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि सरकारी बस वर्कशॉप से रेलवे कॉलोनी जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
तलाशी में मोहित सैनी और रोहित सैनी निवासीगण शांति विहार कॉलोनी, ज्वालापुर, के कब्जे से कुल 9.800 किलोग्राम गांजा और बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा उन्होंने मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी शोयब अंसारी से बहादराबाद टोल प्लाजा के पास लिया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि फरार सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।