Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरिद्वार के कलियर की सोनम का पाकिस्तान कनेक्शन, कमीशन के लालच में बनी नेटवर्क का हिस्सा

    Updated: Thu, 28 May 2026 10:01 PM (IST)

    हरिद्वार के पिरान कलियर से सोनम नामक युवती को पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हवाला नेटवर्क के आरोप में जम्मू-कश्मीर एसटीएफ ने हिरासत में लिया है। उस पर कम ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार। पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध हवाला और ट्रांजेक्शन नेटवर्क की जांच में हरिद्वार का पिरान कलियर क्षेत्र भी जांच एजेंसियों के रडार पर आ गया है।

    जम्मू-कश्मीर एसटीएफ ने रविवार 24 मई को स्थानीय पुलिस की मदद से सोनम नाम की युवती को हिरासत में लिया है। जबकि सोनम की सहेली पूजा फरार बताई जा रही है।

    सोनम पर कमीशन के बदले बैंक खातों के जरिए संदिग्ध रकम इधर-उधर ट्रांसफर करने का आरोप है। शुरुआती जांच में लाखों रुपये के लेनदेन और विदेशी कनेक्शन के संकेत मिलने से एजेंसियां पूरे नेटवर्क की परतें खंगालने में जुट गई हैं।

    जांच एजेंसियों को आशंका है कि हवाला के जरिए विदेश से आने वाली रकम का इस्तेमाल देश विरोधी और आतंकी गतिविधियों में किया जा सकता था।

    मामला जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जुड़ा है। वहां सुंजवां क्षेत्र से गिरफ्तार राहुल खान निवासी सुंजवां और सपना निवासी कठुआ से पूछताछ, वाट्सएप मैसेज और लेन-देन की डिटेल के दौरान पिरान कलियर निवासी सोनम (26) का नाम सामने आया।

    इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने रविवार को हरिद्वार पुलिस के सहयोग से पिरान कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर-कोटा मुरादनगर गांव में दबिश दी।

    पुलिस टीम को युवती की पहचान करने में करीब ढाई घंटे का समय लगा। पुष्टि होने के बाद उसे हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई और सोमवार 25 मई को जम्मू-कश्मीर एसटीएफ सोनम को अपने साथ ले गई।

    जांच एजेंसियों के अनुसार शुरुआती जांच में सोनम के 15 से अधिक बैंक खातों से करीब 20 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि वह खातों में आने वाली रकम को जम्मू कश्मीर और पंजाब के बैंक खातों में ट्रांसफर करती थी। जब एटीएम से रकम ट्रांसफर नहीं होती तो सोनम ने फोन-पे से भी धनराशि भेजी।

    इसके एवज में उसे प्रति 30 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन पर लगभग 500-1000 रुपये कमीशन मिलता था। सूत्रों के मुताबिक पिछले करीब एक वर्ष से यह सिलसिला चल रहा था और इस दौरान उसे करीब दो लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले।

    खबरें और भी

    कलियर कोतवाली निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई की थी। फिलहाल हरिद्वार पुलिस जांच एजेंसियों को सहयोग उपलब्ध करा रही है। साथ ही इस मामले में अपने स्तर से भी जांच कर रही है।

    पूजा ने उमर, आदिल और हजीब से कराया संपर्क

    बताया जा रहा है कि सोनम आर्थिक तंगी से जूझ रही थी। वह धनौरी क्षेत्र के एक महाविद्यालय में एमए अंतिम वर्ष की छात्रा है, हालांकि कालेज में उसकी उपस्थिति नियमित नहीं रहती थी।

    कुछ समय तक उसने गांव के एक निजी स्कूल में बच्चों को भी पढ़ाया। सूत्रों के अनुसार स्कूल में पढ़ाने के दौरान उसकी सहेली पूजा ने वाट्सएप काल के जरिए उसकी बातचीत उमर, आदिल और हजीब नाम के लोगों से कराई गई।

    जिन्होंने सोनम को बैंक खातों और ट्रांजेक्शन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराए। धीरे-धीरे वह पूरे ट्रांजेक्शन नेटवर्क का हिस्सा बन गई।

    एटीएम इस्तेमाल कर जला देती थी सोनम

    सूत्रों के अनुसार जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि सोनम के पास समय-समय पर कोरियर के माध्यम से एटीएम कार्ड और पासबुक भेजी जाती थीं।

    इस्तेमाल के बाद वह इन्हें जला देती थी, ताकि कोई सबूत न बचे। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोनम केवल पैसों के लालच में खातों का इस्तेमाल कर रही थी या उसे पूरे पाकिस्तान लिंक और संदिग्ध नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी भी थी।

    घर से फरार है सोनम की सहेली पूजा

    पुलिस सोनम की सहेली पूजा की भी तलाश कर रही है, जिसने सोनम की पहचान नेटवर्क से जुड़े लोगों से कराई थी। सूत्रों के अनुसार पूजा का संपर्क इस नेटवर्क से 2019 में हो गया था। पूजा फिलहाल घर से फरार है।

    पुलिस ने उसके घर कई बार संदेश भिजवाकर चौकी में पेश होने को कहा, गुरुवार शाम तक तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। पूजा के पिता ट्रक चालक हैं और उसके दो भाइयों के पास पासपोर्ट भी हैं।

    गंभीर बीमारी से पीड़ित है सोनम

    धनौरी। सोनम के पारिवारिक हालात भी बेहद कमजोर बताए जा रहे हैं। दो वर्ष पूर्व उसके पिता मेहरबान का निधन हो चुका है। परिवार में पांच बहन और एक भाई में सोनम सबसे बड़ी है। सोनम की एक छोटी बहन का पिछले वर्ष निकाह हुआ है।

    परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है और सोनम गंभीर बीमारी से भी पीड़ित बताई जा रही है, जिसका इलाज चल रहा है। स्वजन के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उन्हें फोन कर सोनम के कपड़े और दवाइयां लेकर जम्मू-कश्मीर पहुंचने को कहा है।

    यह भी पढ़ें- हरिद्वार में पाकिस्तान कनेक्शन से करोड़ों का ट्रांजेक्शन, जम्मू-कश्मीर से पहुंची पुलिस; हिरासत में युवती

    यह भी पढ़ें- सहारनपुर में मुशर्रफ की गिरफ्तारी से फिर सुर्खियों में रुड़की, अर्द्धकुंभ में पकड़े गए थे चार आतंकी