हरिद्वार: कांवड़ मेले में SDRF की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना, कांगड़ा घाट पर डूब रहे 2 युवकों को बचाया
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर उत्तराखंड एसडीआरएफ ने गंगा में डूब रहे दो युवकों को सकुशल बचाया। ...और पढ़ें
HighLights
एसडीआरएफ ने कांगड़ा घाट पर दो युवकों को बचाया
कांवड़ मेले के दौरान गंगा में डूबने से रोका गया
एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता की सराहना
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान उत्तराखंड एसडीआरएफ ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए शुक्रवार को कांगड़ा घाट पर गंगा नदी में डूब रहे दो युवकों का सकुशल रेस्क्यू किया।
पहली घटना में झांसी (उत्तर प्रदेश) के ग्राम मदगुआँ निवासी सुधीश ठाकुर (18) स्नान के दौरान गंगा की तेज धारा में बहने लगे। घाट पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्काल नदी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।
दूसरी घटना में बागपत (उत्तर प्रदेश) के ग्राम डोला निवासी राहुल (28) भी स्नान के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ जवानों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
रेस्क्यू के बाद दोनों युवकों ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके साहस, त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने रेस्क्यू अभियान में शामिल जवानों की तत्परता की प्रशंसा करते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से गंगा में स्नान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने को कहा।
साथ ही गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल एसडीआरएफ या पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी में वरुणा नदी में बहा युवक, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
यह भी पढ़ें- चंबा में उफनती रावी के बीच फंसा व्यक्ति, अग्निशमन विभाग ने सीढ़ी लगाकर किया रेस्क्यू