हरिद्वार: पुलिस से बचने को कांवड़ पटरी मार्ग में घुसे चोर, कांवड़ियों ने घेरा; जमकर हुई पिटाई
देहरादून से चोरी की गई कार लेकर हरिद्वार के कांवड़ पटरी मार्ग में घुसे आरोपितों को कांवड़ यात्रियों ने घेरकर पीटा और कार में तोड़फोड़ की। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से चोरी की गई कार लेकर कांवड़ पटरी मार्ग में घुसे आरोपितों को कांवड़ यात्रियों ने घेर लिया। आरोपितों की पिटाई करने के साथ ही कार में जमकर तोड़फोड़ भी की। बाद में पुलिस ने एक आरोपित को हिरासत में लेकर देहरादून पुलिस के हवाले कर दिया। उनके बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपित मंगलवार रात देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से एक कार चोरी कर हरिद्वार पहुंचे थे। यहां शंकराचार्य चौक के पास पुलिस की चेकिंग देखकर उन्होंने कार को कांवड़ पटरी मार्ग पर मोड़ दी। पैदल कांवड़ यात्रियों की भीड़ में कार घुसने से नाराज कांवड़ यात्रियों ने उन्हें घेर लिया और उसमें सवार युवकों की पिटाई कर दी।
आरोपित को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया
इसी दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। सूचना पर कनखल थाने की एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपित को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। जबकि अन्य आरोपित फरार हो गए। पकड़े गए आरोपित की पहचान शेखर सोनकर निवासी जमालपुर कलां, कनखल के रूप में हुई।
पूछताछ के बाद उसे देहरादून पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपितों की पिटाई और कार में तोड़फोड़ का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से कार चोरी कर हरिद्वार आए थे। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।