हरिद्वार में ललतारो पुल के पास धंसी सड़क, गड्ढे में गिरी महिला यात्री; सीसीटीवी वीडियो हो रहा वायरल
हरिद्वार में ललतारो पुल के पास कांवड़ मेले के दौरान सड़क धंसने से एक महिला गड्ढे में गिर गई, जिससे उसे हल्की चोटें आईं। ...और पढ़ें
HighLights
हरिद्वार में ललतारो पुल के पास सड़क धंसने से हादसा
कांवड़ मेले के बीच महिला यात्री गहरे गड्ढे में गिरी
घटना ने अर्धकुंभ और मेले की तैयारियों पर सवाल उठाए
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच धर्मनगरी हरिद्वार में गुरुवार को ललतारो पुल के पास बीच बाजार सड़क अचानक धंसने से एक महिला यात्री गहरे गड्ढे में गिर गई।
हादसे में महिला को हल्की-फुल्की चोटें आईं। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने कांवड़ मेले और आगामी अर्धकुंभ की तैयारियों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने स्वजन के साथ बाजार से गुजर रही थी। होटल के सामने जैसे ही उसने सड़क पर कदम रखा, जमीन अचानक धंस गई और वह मिट्टी सहित गड्ढे में जा गिरी।
मौके पर मौजूद लोगों और स्वजन ने तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब कांवड़ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी चल रही है। शहर में पिछले एक वर्ष से सीवर लाइन बिछाने का कार्य जारी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुदाई के बाद सड़कों का पुनर्निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया, जिसके कारण पहले भी कई स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में पावन धाम रोड पर दो ट्रक और एक कार भी सड़क धंसने से फंस गए थे।
गुरुवार को ही भूपतवाला के गंगा विहार क्षेत्र में एक गाय भी सड़क के गड्ढे में गिर गई, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, बैरिकेड लगाकर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया।
शीर्घ ही गड्ढा भरकर यातायात सुचारु करा दिया गया। प्रारंभिक जांच में भूमिगत पानी की लाइन में रिसाव के कारण मिट्टी धंसने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में बड़ा हादसा: गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के 4 नाबालिग कांवड़ यात्रियों की मौत
यह भी पढ़ें- भारी बारिश के बाद हरिद्वार की सूखी नदी में आया सैलाब, बहने लगी गाड़ियां