हरिद्वार में PNG की बढ़ी मांग, एक महीने में ढाई हजार नए कनेक्शन; रोजाना आ रहे नए आवेदन
हरिद्वार में रसोई गैस की किल्लत के कारण पीएनजी कनेक्शन की मांग तेजी से बढ़ी है। एक महीने में ढाई हजार नए कनेक्शन जुड़े, जिससे कुल संख्या 17 हजार पार ह ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
मनीष कुमार, हरिद्वार। हरिद्वार में रसोई गैस की कमी ने घरेलू उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। इसके चलते अब लोग तेजी से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन की ओर रुख कर रहे हैं।
हालात यह है कि जहां रसोई गैस किल्लत से पहले जिले में करीब 15 हजार पीएनजी कनेक्शन थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 17 हजार के पार पहुंच गई है।
रोजाना औसतन 20 से 25 नए कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। इनमें घरेलू कनेक्शन की संख्या ज्यादा है।
एक ओर जिला प्रशासन रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता की बात कह रहा है। वहीं, एक अदद सिलिंडर को उपभोक्ता चक्कर काट रहे हैं। रसोई गैस सिलिंडर की अनियमित आपूर्ति और बुकिंग के बाद लंबा इंतजार उपभोक्ताओं को परेशान कर रहा है।
ऐसे में पीएनजी एक स्थायी और सुविधाजनक विकल्प के रूप में उभर रहा है। जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग भी लगातार लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए जागरूक कर रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल का कहना है कि पीएनजी न केवल सुरक्षित है, बल्कि इसमें गैस खत्म होने की समस्या भी नहीं रहती। जिससे घरों में खाना बनाने की प्रक्रिया बाधित नहीं होती।
हालांकि, पीएनजी कनेक्शन लेने में सबसे बड़ी बाधा इसकी शुरुआती लागत बन रही है। करीब 7,500 रुपये का कनेक्शन चार्ज आम उपभोक्ताओं के लिए भारी पड़ रहा है।
खासकर निम्न और मध्यम आय वर्ग के लोग इस खर्च को वहन करने में हिचकिचा रहे हैं। यही वजह है कि मांग बढ़ने के बावजूद कई लोग अभी भी सिलिंडर पर निर्भर हैं।
पीएनजी कनेक्शन को यहां करें संपर्क
- प्रियांशु बालियान( प्रबंधक एचएनजी): 9953909486
- प्रिंस सागर: 7078288814
कम नहीं हुई रसोई गैस की मांग
पीएनजी की मांग बढ़ने के बावजूद रसोई गैस की मांग कम नहीं हुई है। जिले की 42 गैस एजेंसियों पर (14.2 किग्रा) घरेलू गैस की संख्या 5,63727 है।
वहीं व्यावसायिक गैस कनेक्शन की संख्या 7422 है। एक अप्रैल को घरेलू गैस के 9761 सिलिंडर प्राप्त हुए। इसके सापेक्ष 8735 सिलिंडर वितरित किए गए।
वैट पांच प्रतिशत होने के चलते पीएनजी सस्ती
पीएनजी पर पहले राज्य सरकार की ओर से 20 प्रतिशत वैट लिया जाता है। जिसे घटाकर अब पांच प्रतिशत कर दिया गया है।
इससे पीएनजी की कीमत हरिद्वार में 56 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) है। जो पहले 66 रुपये प्रति एससीएम था।
पीएनजी कनेक्शन लेने को उपभोक्ताओं को जिला प्रशासन के साथ ही विभाग की ओर से प्रोत्साहित किया जा रहा है। हरिद्वार नेचुरल गैस की ओर से भी प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस का पर्याप्त स्टाक है। वर्तमान में गैस एजेंसियों में घरेलू गैस का स्टाक 23,740 और व्यावसायिक गैस का स्टाक 2725 है।
-मुकेश पाल, जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार
यह भी पढ़ें- देहरादून में PNG गैस कनेक्शन कैसे लें? यह है उपभोक्ताओं के लिए स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
यह भी पढ़ें- PNG गैस कनेक्शन को लेकर हरिद्वार के DM ने की खास अपील, एक मोबाइल नंबर भी किया जारी