रुड़की में प्रेमी ने शादी का वायदा तोड़ा, पीड़िता ने की दुष्कर्म की शिकायत
रुड़की में एक सरकारी विभाग में कार्यरत युवती ने बी-फार्मा छात्र पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया
आरोपित युवक बी-फार्मा की पढ़ाई पूरी कर चुका है
पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपित को पूछताछ के लिए बुलाया
जागरण संवाददाता, रुड़की। सरकारी विभाग में कार्यरत एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
आरोपित युवक बी-फार्मा की पढ़ाई पूरी कर चुका है। दोनों के बीच लंबे समय तक प्रेम प्रसंग चला। युवती का कहना है कि उस दौरान युवक उसे अलग-अलग होटल में ले जाता था।
उसने बी-फार्मा का कोर्स पूरा होने के बाद शादी करने का वायदा किया था, लेकिन कोर्स पूरा होने के बाद पीछा छुड़ाने के लिए धमकाने लगा। इसलिए मजबूर होकर पुलिस को शिकायत देनी पड़ी है।
शिकायतकर्ता युवती कलियर थाना क्षेत्र में रहती है। उसकी मुलाकात दो साल पहले रुड़की सिविल लाइन निवासी आरोपित से हुई। युवक उस समय बी फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। दोनों का मिलना-जुलना होने लगा।
आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से गंगनहर कोतवाली क्षेत्र और अन्य जगहों पर होटल में शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि वह लगातार शादी के लिए दबाव बनाती रही, लेकिन आरोपित ने बी-फार्मा की पढ़ाई पूरी होने के बाद शादी का वायदा करके टालता रहा।
हाल ही में युवक ने बी-फार्मा की पढ़ाई भी पूरी कर ली, लेकिन युवती को नहीं बताया। युवती को उसका कोर्स पूरा होने का पता चला तो वायदा याद दिलाया। आरोप है कि अब युवक ने शादी से साफ इन्कार कर दिया।
युवती का कहना है कि युवक के बदले रवैये से उसने खुद को ठगा हुआ महसूस किया। अपने स्तर पर उसके बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह कहीं और शादी करने की तैयारी में है। युवती ने उस पर फिर दबाव बनाया।
आरोप है कि आरोपित ने उसे पीछा छोड़ने और अंजाम भुगतने की धमकी दी। आखिरकार युवती ने सिविल लाइन कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
आरोपित युवक को पूछताछ के लिए बुलाएगी पुलिस
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के लिए आरोपित युवक को कोतवाली बुलाया जाएगा। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
दूसरी ओर युवती वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर पुलिस पर तुरंत कार्रवाई के लिए दबाव बना रही है। वरिष्ठ उप निरीक्षक धर्मेंद्र राठी ने बताया कि जांच के बाद पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें- प्रेमिका को सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में ओडिशा के मंत्री का भतीजा गिरफ्तार, फंदे से लटका मिला था शव
यह भी पढ़ें- मेरी प्रेमिका से दोस्ती करना चाहता था, इसलिए मार दिया, पुलिस ने दिल्ली से किया गिरफ्तार तो बोला जावेद