रुड़की में मेधावियों का सम्मान समारोह: सीएम धामी बोले-बिना खर्ची-पर्ची के 3 साल में हो चुकी 34 हजार भर्तियां
मुख्यमंत्री धामी ने रुड़की में कहा कि उत्तराखंड में तीन साल में 34 हजार से अधिक भर्तियां पारदर्शी तरीके से हुई हैं। ...और पढ़ें

रुड़की के आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में विद्या भारती की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र को सम्मानित करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। जागरण
HighLights
उत्तराखंड में 34 हजार से अधिक पारदर्शी भर्तियां हुई हैं
शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव, नई शिक्षा नीति लागू की
नकल माफिया पर कार्रवाई, 20 मॉडल स्कूल बनाए गए
जागरण संवाददाता, रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में तीन साल में 34 हजार से अधिक भर्ती पारदर्शी तरीके से हो चुकी हैं।
खर्ची व पर्ची के बिना युवा अब विभिन्न विभागों में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। सरकार ने उत्तराखंड के अंदर शिक्षा के क्षेत्र में काफी बड़े बदलाव किए हैं।
प्रदेश का पहला राज्य है जहां पर पाठ्यचर्चा कार्यक्रम शुरू किया गया। बस्ता रहित दिवस आदि योजनाओं का संचालन किया गया है।
उन्होंने यह बात विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आनंद स्वरूप सरस्वती विद्या मंदिर में प्रदेश के हाईस्कूल व इंटर के छात्रों को सम्मानित करने के दौरान कही।
सोमवार को विद्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने देश में सरस्वती शिशु मंदिर गुणवत्तायुक्त व संस्कारवान शिक्षा देने का काम कर रहे हैं। वह स्वयं शिशु मंदिर से पढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में विद्या भारती की ओर से संचालित विद्यालयों की संख्या लाखों में पहुंच गई है। उत्तराखंड राज्य भी लगातार शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
उत्तराखंड पहला राज्य है, जिसने सबसे पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आत्मसात किया। कक्षा एक से 12 तक बच्चों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तक देने का काम किया जा रहा है।
राज्य के अंदर 20 माडल स्कूल बनाए गए हैं। नकल माफिया की कमर तोड़ने का काम सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। इसलिए युवा जमकर मेहनत करें और देश को आगे ले जाने का काम करें।
विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डा. डोमेश्वर साहू ने कहा कि आदर्श शिक्षक व आदर्श छात्र के समस्त गुणों को अपनाकर छात्र व शिक्षक के मध्य सम्मान व संस्कार का संबंध रहना चाहिए।
साथ ही, एक-दूसरे की रक्षा करना, एक-दूसरे के साथ रहना, एक विचार, एक व्यवहार द्वारा स्वयं को और समाज को सुरक्षित व शक्तिशाली बनाने में अपना योगदान दें सकते है।
डा. रजनीकांत शुक्ल ने सभी छात्र-छात्राओं व विद्यालय परिवार को अनूठे प्रयोगों व प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दी।
विद्या भारती के प्रदेश निरीक्षक डा. विजयपाल सिंह ने कहा कि विद्यालय के होनहार व प्रतिभाशाली छात्र देश-राष्ट्र की उन्नति व प्रगति में सहायक सिद्ध होंगे।
इस मौके पर आइआइटी रुड़की के निदेशक प्रो. केके पंत, विद्यालय की अध्यक्ष कौशल्या आर्या, संभाग निरीक्षक नत्थीलाल बंगवाल, सुरेशानंद जोशी, इंद्रपाल परमार, मनोज रयाल, उपाध्यक्ष रामेश्वर कुलश्रेठ, प्रबंधक डा. रजत अग्रवाल, प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री के रुड़की पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर महापौर अनीता देवी अग्रवाल, जिलाध्यक्ष डा. मधु सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, सागर गोयल, दिनेश पंवार आदि मौजूद रहे।