रुड़की में पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा बवाल, खंडित कांवड़ के बाद यात्रियों को मिला नया गंगाजल
रुड़की में एक कांवड़ यात्री की कांवड़ खंडित होने पर हंगामा हो गया, जिसे पुलिस ने सूझबूझ से शांत कराया। ...और पढ़ें
HighLights
रुड़की में कांवड़ खंडित होने पर यात्री हुए उग्र
पुलिस ने सूझबूझ से स्थिति को संभाला, बवाल टाला
पुलिसकर्मी यात्री संग हरिद्वार से लाए नया गंगाजल
जागरण संवाददाता, रुड़की। पुलिस की सूझबूड से कांवड़ पटरी पर बड़ा बवाल होने से बच गया। कांवड़ यात्री की कांवड़ खंडित होने पर उसने वह उग्र हो गए। इसके बाद हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। रुड़की से एक पुलिसकर्मी को कांवड़ यात्री के साथ हरकी पैड़ी पर भेजा गया। वहां से गंगाजल लाने के बाद कांवड़ यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
कांवड़ असंतुलित होकर गिर गई
मेरठ जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गावड़ी निवासी लक्की अपने साथियों एवं परिवार के सदस्यों के साथ हरिद्वार से 51 लीटर की कावड़ लेकर जा रहे थे। इस दौरान गंगनहर कांवड़ पटरी पर संतोषी माता मंदिर के समीप एक युवक का हाथ लगने से कांवड़ असंतुलित होकर गिर गई और खंडित हो गई।
इसके बाद कांवड़ यात्री उग्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद होमगार्ड प्रमोद शर्मा सो कुमार ने समझाने का काम किया लेकिन वह नहीं माने। इसी बीच सेक्टर पुलिस अधिकारी प्रमोद कुमार, एसपीओ मयंक गौतम के साथ मौके पर पहुंच गए। कांवड़ यात्रियों को समझा बुझाकर शांत करते हुए एक साइड में किया।
इसके बाद कांवड यात्री लक्की को हेड कांस्टेबल अरविन्द के साथ हर की पैड़ी पर जल लेने के लिए भेजा। करीब दो घंटे में पुलिसकर्मी जल लेकर पहुंचे। इसके बाद मंदिर में उप निरीक्षक प्रमोद कुमार ने पूजा-अर्चना कराने के बाद कांवड़ यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया।