रुड़की में आवारा कुत्तों का आतंक: 6 साल के मासूम को झुंड ने नोचा, लगाने पड़े 20 से अधिक टांके
रुड़की के बेड़पुर में छह साल के मासूम को आवारा कुत्तों के झुंड ने बुरी तरह नोच डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
बेड़पुर में छह साल के मासूम पर कुत्तों का हमला
बच्चे के हाथ, पैर और गर्दन पर गहरे घाव
प्रशासन की उदासीनता पर ग्रामीणों में गहरा रोष
जागरण संवाददाता, रुड़की। क्षेत्र के बेड़पुर में बुधवार को घर के बाहर खेल रहे एक छह साल के एक मासूम को आवारा कुत्तों के झुंड ने नोच डाला।
कुत्तों ने मासूम को चारों तरफ से घेरकर उसके हाथ, पैर और गर्दन पर इतने गहरे घाव कर दिए वह लहूलुहान हो गया। उसकी चीखें सुनकर दौड़े ग्रामीणों और स्वजन ने बड़ी मुश्किल से कुत्तों को खदेड़ा।
बच्चे को सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में ले जाया गया। डाक्टरों ने मासूम को तुरंत एंटी रेबीज वैक्सीन और सीरम दिया, लेकिन उसके गहरे घावों को देखते हुए 20 से अधिक टांके लगाने पड़े।
डाक्टरों का कहना है कि फिलहाल बच्चे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। कुत्तों के हमले की दहशत उसके जहन में बनी हुई है, जिससे वह घबराया हुए हैं। उसे सामान्य होने में समय लगेगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने लावारिस कुत्तों के आतंक और प्रशासन की उदासीनता को लेकर गहरा रोष जाहिर किया है। कलियर थाना क्षेत्र के बेड़पुर निवासी आबाद ने बताया कि कुत्तों के हमले के समय वर्षा हो रही थी और उनका छह साल का बेटा नबी बाहर खेलते निकल गया था, तभी कुत्तों ने घेर लिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आवारा कुत्तों के काटने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और बुधवार को ही अकेले सिविल अस्पताल में करीब 15 मरीजों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई।
लोगों से मिली शिकायतों के अनुसार, शहर के आदर्शनगर, सिविल लाइन, रामनगर, गणेशपुर, आजादनगर सहित कई अन्य प्रमुख इलाकों में भी आवारा कुत्तों की टोलियां सक्रिय हैं, जो राहगीरों और बच्चों को निशाना बना रही हैं।
प्रशासन से लगातार शिकायत के बाद भी इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे देहात से लेकर शहर तक हर जगह स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: कुत्तों की लड़ाई में बवाल, पिटबुल मालिक ने दारोगा और उनके बेटे पर किया जानलेवा हमला
यह भी पढ़ें- ओडिशा के गंजाम में आवारा कुत्तों का आतंक: 5 साल की छात्रा पर झुंड ने किया हमला, बुरी तरह नोचा