ओडिशा के गंजाम में आवारा कुत्तों का आतंक: 5 साल की छात्रा पर झुंड ने किया हमला, बुरी तरह नोचा
आवारा कुत्तों के आतंक से गंजाम जिले के सनखेमुंडी ब्लॉक में दहशत है, जहां एक 5 वर्षीय छात्रा पर स्कूल के पास हमला हुआ और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गंजम में 5 वर्षीय छात्रा पर आवारा कुत्तों का हमला।
स्कूल के पास हुई घटना, बच्ची गंभीर रूप से घायल।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण की मांग की।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। गंजाम जिले के सनखेमुंडी ब्लॉक क्षेत्र में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है। पाटपुर थाना क्षेत्र स्थित महानाला सरस्वती शिशु विद्यामंदिर की पहली कक्षा में पढ़ने वाली पांच वर्षीय छात्रा पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची का उपचार कराया गया, जिसके बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पाटपुर गांव निवासी रंजन साहू की पांच वर्षीय पुत्री दोपहर में विद्यालय के पीछे शौचालय के लिए गई थी। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला।
बच्ची की चीख-पुकार और कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद बच्ची को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया गया और तत्काल आड़पड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। गत 23 मई को महानाला गांव के नौ वर्षीय आरिस गौड़ पर भी आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। उस समय वह घर के बाहर खेल रहा था। हमले में उसकी खोपड़ी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। लंबे समय तक भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद वह स्वस्थ होकर घर लौट पाया।
पागल बंदर के हमले में भी घायल हुए थे 12 लोग
इसके अलावा 16 जून को निस्तीपुर गांव में एक पागल बंदर के हमले में 12 लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
खबरें और भी
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों और अन्य हिंसक पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर आवारा पशुओं के आतंक पर रोक लगाने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।