रील से टीवी तक का सफर, रुड़की की अदिति शर्मा को मिला सोनी टीवी पर चमकने का मौका
रुड़की की अदिति शर्मा, जो इंस्टाग्राम पर रील बनाती थीं, अब सोनी टीवी के कार्यक्रम "तुम हो ना (घर की सुपरस्टार)" में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। ...और पढ़ें

रील से टीवी तक पहुंचीं रुड़की की अदिति शर्मा.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुड़की । इंटरनेट मीडिया पर रील बनाते-बनाते रुड़की की अदिति शर्मा को अब टीवी चैनल पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
इंस्टाग्राम पर लगातार अभिनय आधारित रील बनाने वालीं अदिति का चयन सोनी टेलीविजन के कार्यक्रम “तुम हो ना (घर की सुपरस्टार)” के लिए हुआ है। जल्द ही उनका अभिनय टीवी चैनल पर प्रसारित किया जाएगा।
आडिशन के लिए बुलावा भेजा
रुड़की ब्लाक क्षेत्र निवासी शिक्षक मुकेश शर्मा की बेटी अदिति शर्मा पिछले काफी समय से इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपनी अभिनय प्रतिभा को निखार रही थीं। उनकी वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर लगातार सराहना मिल रही थी। इसी दौरान उनकी प्रतिभा पर सोनी टेलीविजन की टीम की नजर पड़ी और उन्हें आडिशन के लिए बुलावा भेजा गया।
अप्रैल में अदिति मुंबई पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यक्रम के लिए आडिशन दिया। आडिशन में उनके अभिनय को पसंद किया गया व उनका चयन कर लिया गया। अब जल्द ही वह सोनी टेलीविजन के मंच पर नजर आएंगी।
अदिति ने बताया कि अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए परिवार का सहयोग उन्हें हमेशा मिलता रहा। उन्होंने कहा कि शादी के बाद भी उनके पति अभिषेक नायर ने उनका उत्साह बढ़ाया और हर कदम पर साथ दिया। परिवार के सहयोग व अपनी मेहनत के दम पर उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है। अदिति की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।