हरिद्वार: रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर में मां-बेटा सहित तीन की मौत, फ्लाईओवर से नीचे गिरे दो लोग
श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें
HighLights
श्यामपुर में भीषण सड़क हादसे में तीन की मौत।
उत्तराखंड रोडवेज बस और पिकअप वाहन में हुई टक्कर।
चार गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 4:30 बजे फ्लाईओवर के पास उस समय हुआ, जब टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस (यूके07 पीए 2812) नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी और सामने से आ रहे पिकअप वाहन (पीबी65 बीएच 7296) से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।
सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस, रात्रि अधिकारी और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया।
उपचार के दौरान अहान (18) पुत्र शराफत निवासी बड़ापुर, नजीबाबाद तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।

हादसे में घायल अन्नू (18) पुत्र मेहंदी हसन, सोनी लाल (25) पुत्र राम रहीश निवासी हरदोई तथा शमीम (42) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।