उत्तराखंड में विजिलेंस टीम को देख शौचालय में छिपा घूसखोर अधिकारी, टॉयलेट सीट के अंदर पाइप में छिपा दी रकम
उत्तराखंड में विजिलेंस टीम ने मंगलौर के युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार को 35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ ...और पढ़ें

विजिलेंस टीम को देख शौचालय में छिपा घूसखोर अधिकारी।
HighLights
युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
विजिलेंस टीम देख शौचालय में छिपाई घूस की रकम।
सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव भी रिश्वत लेते पकड़े गए।
संवाद सहयोगी, मंगलौर (हरिद्वार)। आर्थिक प्रोत्साहन राशि की एवज में 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाले क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप कुमार ने पकड़े जाने पर ऐसा ड्रामा रचा कि विजिलेंस टीम भी दंग रह गई।
टीम से बचने के लिए पहले उसने दूसरी मंजिल तक दौड़ लगाई फिर खुद को कार्यालय के शौचालय में बंद कर लिया और घूस की रकम शौचालय की सीट के पाइप में छिपा दी।
हालांकि बाद में विजिलेंस ने यह रकम बरामद कर ली। घूसखोर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। उसकी संपत्ति और अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
मंगलौर क्षेत्र के ग्राम मुंडियाकी निवासी जोगिंदर ने नारसन ब्लाक में तैनात कुलदीप कुमार की शिकायत विजिलेंस से की थी। आरोप था कि शासन के स्तर से उन्हें स्वीकृत 1.12 लाख रुपये की आर्थिक प्रोत्साहन राशि के बदले में कुलदीप उनसे 50 प्रतिशत कमीशन मांग रहा था।
इस पर सोमवार को विजिलेंस टीम कुलदीप कार्यालय पहुंची, लेकिन इससे पहले वह किसी बैठक में चला गया। मंगलवार को विजिलेंस ने आरोपित को धर दबोचा। जैसे ही पीड़ित ने उसे 35 हजार रुपये थमाए तो विजिलेंस टीम को देखकर वह ऊपरी मंजिल की ओर भाग गया। उसने खुद को शौचालय में बंद कर लिया और रकम शौचालय की सीट के पाइप में छिपा दी।
गिरफ्तारी के समय विजिलेंस टीम को उससे कोई रकम नहीं मिली तो शौचालय में तलाशी ली गई। जहां से घूस में ली गई रकम बरामद हुई। आरोपित लक्सर क्षेत्र का रहने वाला है। डेढ़ महीने पहले ही उसकी नारसन ब्लाक में तैनाती हुई है।
सहायक कृषि अधिकारी 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
खानपुर ब्लाक के सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को भी कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल पास कराने के लिए 10 हजार रुपये की घूस महंगा भारी पड़ गया। विजिलेंस टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। कान्हावाली गांव के एक युवक ने विजिलेंस से उसकी शिकायत की थी।
युवक के अनुसार उसके भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए विभाग से मिलने वाली सब्सिडी के लिए आवेदन किया था, लेकिन हरिओम यादव इसके लिए घूस मांग रहा था। टीम ने मंगलवार सुबह लक्सर में केवी इंटर कालेज के पास किराये के मकान में रह रहे हरिओम यादव को रंगे हाथ पकड़ लिया।
