Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नैनीताल में CM धामी ने किया धनगढ़ी पुल का लोकार्पण, मानसून में कुमाऊं-गढ़वाल का सफर होगा आसान और सुरक्षित

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 04:40 PM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर के धनगढ़ी नाले पर बने पुल का लोकार्पण किया, जिससे मानसून में होने वाली यातायात बाधा और हादसों से निजात मिलेगी। ...और पढ़ें

    रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर निर्मित बहुप्रतीक्षित धनगढ़ी पुल का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

    रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर निर्मित बहुप्रतीक्षित धनगढ़ी पुल का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री धामी ने धनगढ़ी नाले पर पुल का लोकार्पण किया

    2. मानसून में यातायात बाधा और हादसों से मिलेगी मुक्ति

    3. कुमाऊं-गढ़वाल के बीच निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा

    जागरण संवाददाता, रामनगर (नैनीताल)। वर्षों से मानसून के दौरान लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बने धनगढ़ी नाले पर आखिरकार पुल बनकर तैयार हो गया।

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर निर्मित बहुप्रतीक्षित धनगढ़ी पुल का लोकार्पण किया।

    इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा सल्ट विधायक महेश जीना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

    मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से ढिकुली स्थित तरंगी रिजॉर्ट पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से धनगढ़ी पुल स्थल पहुंचकर पुल का उद्घाटन किया। पुल के लोकार्पण के साथ ही वर्षों से मानसून के दौरान लोगों को झेलनी पड़ने वाली बड़ी समस्या का समाधान हो गया है।

    हर वर्ष बरसात में धनगढ़ी नाला उफान पर आने से राष्ट्रीय राजमार्ग-309 कई-कई घंटों तक बंद हो जाता था।

    इससे कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह बाधित हो जाता था। हजारों स्थानीय लोग, पर्यटक, यात्री और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सड़क के दोनों ओर घंटों फंसे रहते थे।

    सबसे अधिक परेशानी एम्बुलेंस में ले जाए जा रहे गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और आपातकालीन सेवाओं को उठानी पड़ती थी।

    कई बार मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए, जबकि तेज बहाव में वाहन फंसने और बहने जैसी घटनाएं भी सामने आती रहीं।

    वर्षों के दौरान धनगढ़ी नाले में हुए हादसों में कई लोगों की जान भी गई, जिससे यह क्षेत्र मानसून के समय सबसे संवेदनशील स्थानों में गिना जाने लगा था।

    धनगढ़ी पुल के निर्माण से अब बरसात के दौरान भी सुरक्षित और निर्बाध यातायात की उम्मीद जगी है। इससे रामनगर, रानीखेत, अल्मोड़ा, सल्ट तथा गढ़वाल क्षेत्र की ओर आने-जाने वाले हजारों लोगों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा।

    यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने शारदा तटबंध कार्य का किया शुभारंभ, कहा- 'कांग्रेस ने 50 साल जेब भरी और सत्ता की मलाई चाटी'

    यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने कैलास मानसरोवर यात्रा के पहले दल को किया रवाना, बताया आत्मा का परमात्मा से मिलन