कार्बेट में बारिश ने रोकी पर्यटकों की सफारी की राह, ढेला-झिरना व गिरिजा पर्यटन जोन बंद
मूसलाधार बारिश के कारण जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में पर्यटकों की जिप्सी सफारी रोक दी गई है।

कार्बेट का ढेला व झिरना पर्यटन जोन का गेट।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रामनगर। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध जिम कार्बेट नेशनल पार्क में सोमवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने पर्यटकों की राह रोक दी है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पार्क प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से मंगलवार सुबह की पाली में ढेला, झिरना और गिरिजा पर्यटन जोन में जिप्सी सफारी को पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया।
मानसून सीजन के चलते कार्बेट पार्क के मुख्य जोन (जैसे ढिकाला और बिजरानी) वर्तमान में बंद हैं। इस दौरान केवल ढेला, झिरना और गिरिजा पर्यटन जोन को ही पर्यटकों के लिए दिन की सफारी के लिए खुला रखा गया है। लेकिन सोमवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह तक जारी रहा, जिसके चलते वन विभाग को पर्यटकों की सुरक्षा के लिहाज से सफारी रोकने का फैसला लेना पड़ा।
पार्क प्रशासन के अनुसार, बारिश के दौरान जंगल के भीतर से बहने वाले बरसाती नदी-नाले अचानक उफान पर आ जाते हैं। इसके साथ ही कच्चे सफारी मार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे जिप्सियों के पलटने या फंसने का खतरा अत्यधिक बढ़ जाता है। पर्यटकों की सुरक्षा को के लिए यह सुबह की सफारी बंद की गई है।
पुरानी घटना से लिया सबक
हाल ही में झिरना जोन के खारा गेट के पास अचानक आए बरसाती नाले के उफान में पर्यटकों से भरी आठ जिप्सियां फंस गई थीं। उस समय वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला था।
शाम की पाली पर भी संशय
कार्बेट पार्क के मुख्य स्वागती कक्ष (रिसेप्शन) से मिली जानकारी के मुताबिक यदि दोपहर तक बारिश नहीं रुकी तो शाम की पाली में भी तीनों जोनों में सफारी बंद रखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें- कार्बेट पार्क का 'हीरो' भोला टाइगर बेबस, बाएं पैर में मोच; सैलानी निराश
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बाघ का आतंक, हमलों के बाद कार्बेट पार्क का ये सफारी जोन बंद
