हल्द्वानी में रक्षा मंत्री ने बढ़ाया अग्निवीरों का हौसला, बोले- आप सभी का भारतीय सेना में स्वागत है
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर 112 से अधिक अग्निवीरों ने 'भारत माता की जय' के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। ...और पढ़ें

शनिवार को हल्द्वानी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह। साथ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी (नैनीताल)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर उस समय गौरवपूर्ण माहौल बन गया, जब देवभूमि उत्तराखंड से चयनित 112 से अधिक अग्निवीरों ने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया।
रक्षा मंत्री ने सभी चयनित अग्निवीरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए आगे बढ़ रहे आप सभी युवाओं का भारतीय सेना में स्वागत है।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतीक स्वरूप अग्निवीरों को तिलक लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

बताया गया कि ये सभी चयनित अग्निवीर यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में शामिल हो रहे हैं।
यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने जानकारी दी कि इस बार उनके 752 अभ्यर्थियों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और प्रेरणा से संस्था प्रदेश के युवाओं को निश्शुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है।
संस्था द्वारा युवाओं को लिखित और शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। अब तक 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस में भर्ती कराकर राष्ट्र सेवा के लिए तैयार किया जा चुका है।

इस अवसर पर रक्षामंत्री ने कर्नल अजय कोठियाल के प्रयासों की सराहना की और चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई।
उल्लेखनीय है कि कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता होने के साथ ही सेना के विशिष्ट पदकों से सम्मानित रह चुके हैं। केदारनाथ आपदा के बाद केदारनगरी के पुनर्निर्माण में उनकी भूमिका को भी व्यापक सराहना मिली थी।
यह भी पढ़ें- पश्चिम एशिया संकट: हल्द्वानी में राजनाथ सिंह बोले- बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र समाधान
यह भी पढ़ें- 'अब धुरंधर धामी कहिए', उत्तराखंड में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बांधे सीएम की तारीफों के पुल