Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Haldwani: लापरवाही के 'धक्के' से गिरा आंधी-तूफान में अडिग 100 साल पुराना पेड़, था क्षेत्र की पहचान

    Updated: Sun, 30 Jun 2024 12:31 PM (IST)

    Haldwani News शनिवार दोपहर पाकड़ का पेड़ गिरकर सड़क पर आ गया। जिस वजह से हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया। बता दें कि पिछले दिनों चौराहे चौड़ीकरण प्रोजेक्ट ...और पढ़ें

    Haldwani News: खोदाई से कमजोर हुई 100 साल पुराने पेड़ की जड़ें
    Haldwani News: खोदाई से कमजोर हुई 100 साल पुराने पेड़ की जड़ें

    HighLights

    1. गनीमत रही कोई पेड़ के नीचे दबा नहीं
    2. पेड़ गिरते ही हाईवे पर लग गया जाम

    जागरण संवाददाता, हल्द्वानी । Haldwani News: नरीमन तिराहे पर पहुंचते ही पीएमजीएसवाइ कार्यालय से सटे पुराने और विशालकाय पेड़ की छांव अब लोगों को नहीं मिलेगी। शनिवार दोपहर पाकड़ का पेड़ गिरकर सड़क पर आ गया। जिस वजह से हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया।

    अधिकारियों का कहना है कि बारिश की वजह से यह घटना हुई है। लेकिन यह पूरी हकीकत नहीं है। क्योंकि, इससे पूर्व आंधी-तूफान और भारी बरसात में भी पाकड़ के इस पेड़ को कभी कुछ नहीं हुआ। वहीं, पिछले दिनों चौराहे चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत सड़क के किनारे को चौड़ा किया गया था। जिस वजह से पाकड़ की जड़ों की पकड़ कमजोर होती गई।

    यही वजह है कि बरसात होते ही जड़ों ने मिट्टी को छोड़ दिया। नरीमन तिराहे पर पाकड़ के बड़े पेड़ इस क्षेत्र की पहचान माने जाते हैं। ट्रैफिक ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी, बस या टेंपो का इंतजार करने वाले लोगों के अलावा पर्यटकों को भी गर्मी के दौरान इनके नीचे राहत मिलती है। लेकिन शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब पीएमजीएसवाइ कार्यालय से सटा एक पेड़ जड़ समेत उखड़कर हाईवे पर गिर गया।

    घना पेड़ होने के कारण सड़क के दूसरी तरफ दिखना तक बंद हो गया था। जिसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार सचिन कुमार, रेंजर आनंद लाल, डिप्टी रेंजर धर्मानंद पाठक भी मौके पर पहुंच गए। पेड़ गिरने की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो गई। जिसके बाद बामुश्किल हाईवे को खोला गया। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ की उम्र 100 साल के आसपास होगी।

    खबरें और भी

    अधिकारियों की लापरवाही, दर्ज हो प्राथमिकी

    कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया संग काठगोदाम थाने पहुंचे लोगों ने कहा कि लापरवाही की वजह से पेड़ गिरा है। दिल्ली के एक पर्यटक की कार को भी इससे नुकसान हुआ। बल्यूटिया ने कहा कि चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत कई जगहों पर यह स्थिति बनी हुई है। एक तरफ 40 पेड़ों के ट्रांसप्लांट की बात कही जा रही है।

    दूसरी ओर, बुलडोजर से खोदाई कर जड़ों के चारों तरफ मिट्टी की पकड़ को कमजोर किया गया। इससे साफ है कि प्रशासन व लोनिवि की लापरवाही की वजह से नरीमन तिराहे पर पाकड़ का पुराना पेड़ गिरा है। बल्यूटिया ने लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने को तहरीर भी सौंपी।

    कहा कि मामले को गंभीरता से न लेने पर न्यायालय की शरण ली जाएगी। इस दौरान नितिन बल्यूटिया, महेशानंद, योगेंद्र बिष्ट, वीरेंद्र जग्गी, मनोज बल्यूटिया, रजत तिवारी, गौरव बल्यूटिया, मनोज दहिया, पीयूष बल्यूटिया, आभा गोस्वामी, कोमल वर्मा, प्रीति बिष्ट, सैय्यद रेहान मौजूद थे।