हल्द्वानी के कॉन्वेंट स्कूलों के हाल: छात्र डाइल्यूटर तो छात्राएं नेल पॉलिश से कर रहीं नशा, पानी की बोतल में मिली वोदका
हल्द्वानी के कॉन्वेंट स्कूलों के किशोरों में नशे की लत बढ़ रही है, जिसमें लड़के डाइल्यूटर और लड़कियां नेल पॉलिश से नशा कर रही हैं। एक छात्रा की पानी क ...और पढ़ें

शहर के 10 से ज्यादा बड़े कॉन्वेंट स्कूल के बच्चे जकड़ रहे नशे की गिरफ्त में. Concept Photo
HighLights
हल्द्वानी में किशोरों में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है
छात्र डाइल्यूटर, छात्राएं नेल पॉलिश से नशा कर रही हैं
एक छात्रा की बोतल में वोदका मिलने से हड़कंप मचा
उदय सेठ, हल्द्वानी । हल्द्वानी के कॉन्वेंट स्कूलों में किशोर नशे के आदी हो रहे हैं। तमाम प्रयासों और जागरूकता के बावजूद नशे की गिरफ्त में आने वाले बच्चों की संख्या में वृद्धि हो रही है। उत्तराखंड के दूसरे प्रमुख शहर हल्द्वानी के नामी कॉन्वेंट स्कूलों से इस तरह के कई मामले डा. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में आ रहे हैं। इनमें लड़के ही नहीं बल्कि नशे की चपेट में आ चुकी लड़कियां भी शामिल हैं। कई छात्र डाइल्यूटर से नशा कर रहे हैं तो छात्राएं नेल पॉलिश सूंघकर अपने भविष्य को खराब कर रही हैं।
अभिभावक भी इन घटनाओं से परेशान हो चुके हैं। बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए स्कूल प्रबंधन व माता-पिता बच्चों को एसटीएच के मनोचिकित्सा विभाग में भेज रहे हैं। यहां मनोविज्ञानी उनकी काउंसलिंग कर रहे हैं। अस्पताल के मनोविज्ञानी डॉ. युवराज पंत ने बताया कि हर महीने उनके अस्पताल में चार से पांच ऐसे मामले आ रहे हैं, जिनमें बच्चों की आयु 12 से 18 वर्ष के बीच है। माता-पिता का गैर जिम्मेदार रवैया भी बच्चों का भविष्य खराब कर रहा है। बच्चों के बदलते स्वभाव, चिड़चिड़ापन और ज्यादा पैसे मांगने की आदत पर स्वजन को निगरानी रखने की जरूरत है। कई बार नशे से ग्रसित बच्चे कुछ न मिलने पर थिनर, डाइल्यूटर, वाइटनर और नेल पाॅलिश तक से नशा कर रहे हैं।
छात्रा की पानी की बोतल में मिली वोदका, मचा हड़कंप
हल्द्वानी के एक बड़े निजी स्कूल से गंभीर मामला सामना आया है। एक छात्रा की पानी की बोतल में वोदका मिली है। इसकी पुष्टि होने पर स्कूल प्रबंधन के होश उड़ गए। किशाेर अवस्था के कारण स्कूल प्रबंधन ने बच्ची के माता पिता को इसकी शिकायत की। नशे की लत छुड़वाने के लिए बच्ची की अब काउंसलिंग चल रही है।