Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    15 जून को कैंची धाम मेला, 400 कारसेवकों ने कसी कमर; मिली अहम जिम्मेदारियां

    By Manish ShahEdited By: Nirmala Bohra
    Updated: Wed, 10 Jun 2026 06:37 PM (IST)

    कैंची धाम में 15 जून को स्थापना दिवस मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें 400 कारसेवकों को महाप्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. 15 जून को कैंची धाम में स्थापना दिवस मेला

    2. 400 कारसेवकों को महाप्रसाद वितरण की जिम्मेदारी

    3. श्रद्धालुओं से महाप्रसाद का अनादर न करने की अपील

    संवाद सूत्र, गरमपानी । अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची धाम स्थित सुप्रसिद्ध नींब करौरी आश्रम में पंद्रह जून को स्थापना दिवस पर लगने वाले मेले व महाप्रसाद वितरण समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर प्रबंधन ने बैठक कर कारसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी।

    पहचान पत्र वितरित कर व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने का आह्वान किया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष लगभग चार सौ कारसेवकों की अलग अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है।

    बगैर किसी परेशानी के प्रसाद उपलब्ध कराए जाने पर जोर

    कैंची धाम क्षेत्र में लगने वाले मेले व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आश्रम ट्रस्ट के सचिव आलोक चोपड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कारसेवकों को आश्रम के मुख्य गेट, महाप्रसाद वितरण, जूता स्टैड समेत अन्य स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई। श्रद्धालुओं को बगैर किसी परेशानी के प्रसाद उपलब्ध कराए जाने पर जोर दिया गया।

    पुलिस प्रशासन से बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को बेहतर बनाने की अपील की गई। कारसेवकों को पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए गए। ट्रस्ट सचिव आलोक चोपड़ा ने कारसेवकों से पूरी जिम्मेदारी व गंभीरता के साथ डूयूटी स्थल पर मुस्तैद रहने की अपील कारसेवकों से की।

    इस दौरान ट्रस्ट प्रबंधक प्रदीप साह, ट्रस्टी शैलेश साह, मंजुल जोशी, पवन रघुवंशी, अश्वनी आहुजा, एमपी सिंह, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, गिरीश तिवारी, पंकज निगलटिया, दिनेश तिवारी, भुवन तिवारी, गोधन बर्गली, पवन कुमार, रुचिर साह, धीरज तिवारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे‌।

    खबरें और भी

    15 जून को सुबह 6 बजे से होगा महाप्रसाद वितरण

    कैंची धाम स्थित सुप्रसिद्ध नींब करौरी आश्रम में हनुमान चालीसा का पाठ अनवरत जारी है। 15 जून को विधी विधान से पूजा अर्चना के बाद महाआरती व भोग लगाएं जाने के बाद सुबह छह बजे से श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रुप में मालपुए वितरित करने शुरु कर दिए जाएंगे। ट्रस्ट प्रबंधन के अनुसार गुरुवार को विशेष कारीगरों के कैंची धाम पहुंचने के बाद विशेष मंत्रोचार के साथ 12 जून से महाप्रसाद बनाने का कार्य शुरु होगा।

    महाप्रसाद का अनादर न करने का आह्वान

    स्थापना दिवस पर श्रदालुओं को मालपुए का महाप्रसाद वितरित किया जाता है। बाबा नींब करौरी के दर पर मत्था टेकने व महाप्रसाद पाने के लिए लाखों बाबा भक्त 15 जून को कैंची धाम पहुंचते हैं।

    बीते वर्ष अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे किनारे तथा कई अन्य स्थानों पर महाप्रसाद आधा अधूरा छोड़ दिए जाने की चर्चाएं भी सामने आई। कैंची धाम ट्रस्ट प्रबंधन ने श्रदालुओं से बाबा के महाप्रसाद को जगह जगह न छोड़ने की अपील की है। श्रद्धालुओं से आवश्यकता के अनुसार ही महाप्रसाद लेने का आह्वान किया है ताकि बाबा के महाप्रसाद का अनादर न हो।

    व्यवस्था दुरुस्त करने को जुटे विभिन्न विभागों के अधिकारी

    जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त बैठक के बाद अब विभिन्न विभागों के अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। आश्रम परिसर से मुख्य बाजार तथा मेला परिसर में समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को विभागीय अधिकारी कैंची धाम पहुंचने लगे हैं।

    विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बुधवार को रोड मैप तैयार किया। अधिकारियों के हरकत में आने से 15 जून से पूर्व ही व्यवस्थाएं दुरुस्त होने की उम्मीद जग गई है।

    13 जून से कटौती मुक्त रहेगा कैंची धाम क्षेत्र

    स्थापना दिवस व मेरे की तैयारियों को लेकर विद्युत विभाग ने भी कमर कस ली है। कैंची क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति करने वाली लाइन की पैट्रोलिंग पूरी कर ली गई है।

    गरमपानी व भवाली स्थित केंद्र से कैंची धाम क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति किए जाने की रुपरेखा बनाई गई है। विद्युत विभाग के एसडीओ वीबी जोशी के अनुसार कैंची धाम क्षेत्र को 13 जून से ही कटौती मुक्त रखा जाएगा।

    यह भी पढ़ें- कैंची धाम मेले के लिए हल्द्वानी से कैंची धाम तक बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, चलेंगी 120 शटल बस

    यह भी पढ़ें- नैनीताल: बेली ब्रिज तैयार, आज ट्रायल के बाद कैंची धाम बाईपास से दौड़ने लगेंगे वाहन