Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नैनीताल में 16 से 23 सितंबर तक नंदा देवी महोत्सव, दिखेगी उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति की अनूठी झलक

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 02:29 PM (GMT+05:30)

    नैनीताल में 16 से 23 सितंबर तक होने वाले नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ ...और पढ़ें

    डीएम ने बैठक कर दिए तैयारियां चाक चौबंद करने के निर्देश. Jagran

    डीएम ने बैठक कर दिए तैयारियां चाक चौबंद करने के निर्देश. Jagran

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर में ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। डीएम ने आयोजक संस्था और विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सुझाव मांगने के साथ ही तैयारियों पर चर्चा की।

    उन्होंने तय समय से पूर्व ही टेंडर समेत अन्य व्यवस्था जुटा लेने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस बार महोत्सव पारंपरिक संस्कृति की झलक बिखेरते कार्यक्रमों पर आधारित रहेगा। महोत्सव में स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

    बुधवार को डीएम ललित मोहन रयाल ने नंदा देवी महोत्सव आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और आयोजक संस्था पदाधिकारी के साथ बैठक की। बैठक में आयोजक श्रीराम सेवक सभा महासचिव जगदीश बवाड़ी ने बताया कि इस वर्ष 16 से 23 सितंबर तक महोत्सव का आयोजन किया जाना है। जिसमें उद्घाटन समेत अन्य कार्यक्रम बीते वर्षों की तरह ही आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने महोत्सव उद्घाटन के लिए सभा परिसर व महाभण्डारे के लिए डीएसए में वाटरप्रूफ टेंट समेत बिजली, पानी शौचालय जैसी सुविधाएं जुटाने की मांग रखी।

    जिस पर डीएम ने नगर पालिका को निर्देश दिए की महोत्सव आयोजन की टेंडर प्रक्रिया पूर्व में ही संपन्न कर ली जाए। बीते वर्ष की तरह ही कैनोपी आधारित दुकान लगाने के साथ अन्य सुविधाओं का खास ध्यान रखा जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजक संस्था पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारी आयोजन से पूर्व ही संपन्न कर ली जाए।

    बैठक में विधायक सरिता आर्या, सीडीओ अरविंद पांडे, एसडीएम नवाजिश खालिक, प्राधिकरण सचिव मनीष सिंह, एसपी जगदीश चंद्र, सीओ रविकांत सेमवाल, कोतवाल हरपाल सिंह, श्रीराम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, मुकेश जोशी, हरीश राणा, विमल चौधरी, भुवन बिष्ट समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

    खबरें और भी

    पारंपरिक संस्कृति की झलक दिखाने पर जोर, तेज संगीत व डीजे न बजाने पर बनी सहमति

    बैठक में इस वर्ष के नंदा देवी महोत्सव को पारंपरिक स्वरूप में मनाने का निर्णय लिया गया। एसपी जगदीश चंद्र और सभासद मुकेश जोशी मंटू ने सुझाव दिया कि पूर्व की तरह प्रदेश की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करती झांकियां जैसे रम्माण, लाखिया भूत व छोलिया नर्तकों को शामिल किया जाए। डोला भ्रमण के दौरान तेज आवाज में संगीत और डीजे जैसी परंपरा को छोड़ने पर सहमति बनी।

    डीएम ने संस्कृति व पर्यटन विभाग को विभिन्न सांस्कृतिक दलों से संपर्क कर महोत्सव में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए महोत्सव में ऐसी दुकानों को शामिल करने की बात कही।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: नंदा देवी राजजात की तैयारियों में तेजी, चमोली के जिलाधिकारी ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश