तीनपानी फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकराई कार, बुरी तरह क्षतिग्रस्त... जेईई की तैयारी कर रहे दोनों छात्रों की मौत
हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे जेईई की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों की मौत हो गई।

कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। तीनपानी फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में जेईई की तैयारी कर रहे दो नाबालिग छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चारों एक ही कोचिंग संस्थान से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार हादसा दोपहर करीब 3:45 बजे हुआ। गौलापार हाईवे से लालकुआं की ओर जा रही कार अचानक फ्लाईओवर पर पलटी खाते डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार सवारों को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने ऊंचापुल निवासी 16 वर्षीय उत्कर्ष धपोला पुत्र डा. शैलेंद्र धपोला और देवलचौड़ खाम निवासी 17 वर्षीय सिद्धांत पाठक पुत्र रवि मोहन पाठक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में पीलीकोठी निवासी 17 वर्षीय भाविका पुत्री रमेश धामी और श्याम बिहार बीजेपी आफिस के बगल में निवासी 16 वर्षीय प्रांजल मावड़ी पुत्र प्रेम सिंह मावड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एसटीएच में भर्ती कराया गया।
रात को प्रांजल के स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए। हादसे की सूचना पर एसएसपी डा. मंजूनाथ टीसी एसटीएच पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। इसके बाद घटना स्थल का जायजा लिया। हादसे के कारणों की जानकारी के लिए फोरेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई थी। मृतक उत्कर्ष के पिता और घायल प्रांजल के पिता भीमताल स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रवक्ता पद पर तैनात हैं।
प्रथम दृष्टया हादसा कार का ओवरस्पीड होना प्रतीत हो रहा है। घटना के स्थल के पास चश्मदीद गवाहों से पूछताछ में यह भी तथ्य सामने आए है कि दूसरी कार को ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा हुआ। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं, जांच के बाद ही हादसे की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
-डा. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी नैनीताल
यह भी पढ़ें- तीनपानी फ्लाईओवर हादसाः उत्कर्ष की मौत से उजड़ गया मां-बाप का संसार, सिद्धांत की मां बदहवास
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी में गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 4 दोस्तों को कुचला, चारों की मौत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।