पर्यटन सीजन सिर पर, नैनीताल में रूसी बाइपास ही बनेगा पर्यटक वाहनों का ठिकाना
नैनीताल में आगामी पर्यटन सीजन के लिए पार्किंग की समस्या बनी हुई है। मेट्रोपोल और हरिनगर पार्किंग परियोजनाओं में देरी के कारण पर्यटक वाहनों को कालाढूंग ...और पढ़ें

सिस्टम की लापरवाही से मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण शुरू नहीं। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
किशोर जोशी, नैनीताल। शहर में पर्यटन सीजन जल्द ही दस्तक देने वाला है। मेट्रोपोल और हरिनगर पार्किंग निर्माण में सरकारी स्तर पर बरती गई लापरवाही की वजह से इस बार के सीजन में भी पर्यटकों को भीड़ बढ़ने पर कालाढूंगी मार्ग पर नारायण नगर से सरिताताल-चारखेत, हल्द्वानी मार्ग पर रूसी बाइपास में वाहन पार्क करने होंगे।
रूसी बाइपास से नारायण नगर तक पार्किंग क्षमता ढाई हजार से अधिक वाहनों की है। सीजन में डायवर्जन प्लान ही पुलिस के समक्ष विकल्प रहेगा। ऐसे में कारोबारियों की चिंता है कि फिर से सीजन में गुणवत्ता आधारित पर्यटन की अवधारणा धूमिल हो सकती है। आलम यह है कि मेट्रोपोल पार्किंग प्रोजेक्ट का निर्माण निविदा प्रक्रिया में लटका है, तो हरिनगर पार्किंग की कार्यदायी संस्था भी तय नहीं है।
सरोवर नगरी सहित नयना देवी बर्ड रिजर्व, खुर्पाताल-सरिताताल से मंगोली, भवाली रोड में पाइंस से लेकर जोखिया-भूमियांधार तक, ज्योलीकोट, गेठिया, बल्दियाखान, बेलुवाखान, ताकुला, हनुमानगढ़ तक एक हजार से अधिक होटल-गेस्ट हाउस के अलावा सैकड़ों गेस्ट हाउस संचालित हैं। शहर में ही पांच सौ से अधिक होटल-गेस्ट हाउस, होम स्टे हैं।
माल रोड सहित चिड़ियाघर रोड, मल्लीताल बड़ा बाजार, जय लाल साह बाजार, मोहन को, नैनीताल क्लब प्रवेश द्वार के आसपास, मोहन को तिराहा से नैनीताल क्लब तक सड़क के आसपास के होटलों में अधिकांश के पास पार्किंग नहीं है। उच्च स्तरीय होटलों में ही पार्किंग सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में इन होटल-गेस्ट हाउसों में आने वाले पर्यटकों के लिए पालिका व प्राधिकरण संचालित पार्किंग में ही गाड़ी पार्क करने का विकल्प है। भवाली रोड में भी छावनी परिषद के अधीन पार्किंग तो है, लेकिन क्षमता सीमित है।
खबरें और भी
पर्यटन सीजन में पार्किंग समस्या का समाधान नहीं होने से पर्यटन कारोबार प्रभावित हो रहा है। मेट्रोपोल व हरिनगर पार्किंग का जल्द निर्माण होना चाहिए।
-दिग्विजय बिष्ट, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन
पर्यटन सीजन में नैनीताल से कैंची धाम तक पार्किंग सुविधा की कमी पर्यटन प्रदेश की साख पर बट्टा लगा रही है। पर्यटन ही यहां की आजीविका का मुख्य जरिया है, पार्किंग प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन जल्द होना चाहिए।
रुचिर साह, पीआरओ होटल एसोसिएशन
पर्यटन सीजन में भीड़ बढ़ने पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए रूसी बाइपास से नारायण नगर तक पार्किंग ही विकल्प है। इसके अलावा डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। शहर में पार्किंग फुल होने के बाद ही बाइपास के विकल्प को प्रभावी किया जाएगा।
-डा. जगदीश चंद्र, एसपी नैनीताल
नैनीताल में पार्किंग की क्षमता
पालिका ईओ रोहिताश शर्मा के अनुसार पालिका के अधीन संचालित पार्किंग में डीएसए में 250, अशोक पार्किंग में 60, बीडी पाण्डे अस्पताल के समीप 20, अंडा मार्केट में दुपहिया वाहन 30, नाला नंबर-23 में मल्लीताल में 25 जबकि मेट्रोपोल में 275 वाहन पार्किंग क्षमता है।
जिलास्तरीय प्राधिकरण संचालित पार्किंग
नेशनल होटल के समीप तल्लीताल में वाहन क्षमता 25, सूखाताल में केव गार्डन से देवदार लाज तक 108, कचहरी परिसर में 192 वाहन क्षमता है। प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ल के अनुसार नेशनल होटल के समीप आटोमेटेड कार पार्किंग में 96, शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल में प्रस्तावित पार्किंग में 202 दुपहिया व 605 चार पहिया वाहन क्षमता है।
दस मार्च को खुलेगा मेट्रोपोल पार्किंग की निविदा
शहर में मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल पार्किंग निर्माण 25 दिसंबर को मुख्यमंत्री के हाथों भूमि पूजन के बाद भी शुरू नहीं हो सका।
कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम निर्माण शाखा की ओर से एक बार निविदा प्रक्रिया पूरी की गई, लेकिन जांच पड़ताल में पता चला कि ठेकेदार की एफडी कम थी, जिसे जब्त करने के बाद अब नए सिरे से निविदा प्रक्रिया की जा रही है, जिसकी तकनीकी बिड दस मार्च को खुलेगी, उसके बाद वित्तीय बिड खोली जाएगी। डीएम ललित मोहन रयाल का कहना है कि सीजन में पार्किंग समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक स्थान भी तलाशे जाएंगे।