Uttarakhand Board Result 2026: जारी हुआ रिजल्ट, 10वीं में अक्षत और 12वीं में गीतिका ने किया टॉप
उत्तराखंड बोर्ड 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजे शनिवार सुबह 10 बजे रामनगर में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की उपस्थिति में घोषित किए गए। ...और पढ़ें

परिणाम जारी होने के बाद छात्राओं द्वारा विजय निशान बनाकर खुशी मनाई गई. Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रामनगर । उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षार्थियों का रिजल्ट के लिए इंतजार खत्म हो गया है। शिक्षा शनिवार को प्रातः दस बजे राज्य के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में बोर्ड के सभापति और माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्तराखंड मुकुल सती द्वारा रामनगर बोर्ड के सभागार में रिजल्ट घोषित किया गया।
हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षाफल में छात्रों पर छात्राएं भारी पड़ी हैं। हाईस्कूल का परीक्षाफल 92.10 और इंटरमीडिएट का 85.11 प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में 96.07 प्रतिशत छात्राएं और 88.03 प्रतिशत छात्र पास हुए। इंटरमीडिएट में छात्राओं का परीक्षाफल 88.09 और छात्रों का परीक्षाफल 81.93 प्रतिशत रहा।
ये हैं टॉपर
- हाईस्कूल में एनपी इंटर कालेज रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.2% अंकों के साथ उत्तराखंड टॉप किया है।
- 12वीं में सरस्वती विद्या मंदिर बागेश्वर की छात्रा गीतिका पंत, भंगाराम अमर इंटर कालेज भुरापानी ऊधमसिंह नगर की सुशीला मेहदीरत्ता ने 98.0 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।
- ऋषिकेश के आर्यन सेकेंड टॉपर और हरिद्वार की वंशिका र्थड टॉपर हैं।
सीएम धामी ने फोन पर टॉपर्स से की बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले क्रमशः एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर (नैनीताल) के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना (नैनीताल) की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा (बागेश्वर) के योगेश जोशी से फोन पर संवाद कर उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
खबरें और भी
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी (उधमसिंह नगर) की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (हरिद्वार) की वंशिका से भी फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस प्रकार की सफलता प्राप्त कर पाते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें तथा राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है तथा मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
महक ने इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए
पौड़ी जिले के जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की प्रतिभाशाली छात्रा महक ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 7वां स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने परिवार, विद्यालय एवं पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि उनकी लगन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण है। विशेष उल्लेखनीय है कि महक ने पूर्व में हाईस्कूल परीक्षा में भी 95.80% अंकों के साथ प्रदेश में 19वां स्थान प्राप्त किया था।
कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने दी थी परीक्षा
छात्र स्कूलों में जाकर भी अपना रिजल्ट देख सकेंगे। उत्तराखंड बोर्ड की 2026 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च तक संपन्न हुई थी। कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें हाईस्कूल में 1,12,266 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हुईं।
प्रदेश भर में परीक्षा के लिए 1,261 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। वहीं 156 केंद्र संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र बनाए गए थे।
यहां देख सकते हैं रिजल्ट
- रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जाकर विजिट करें।
- दैनिक जागरण की वेबसाइट https://www.jagranjosh.com/results/ubse-uk-uttarakhand-board-result-in-hindi-175621 पर भी आप रिजल्ट देख सकते हैं।
उत्तराखंड बोर्ड ने जारी किए तीन हेल्पलाइन नंबर
रामनगर : परीक्षार्थियों की मदद के लिए उत्तराखंड बोर्ड ने तीन अधिकारियों के नंबर जारी किए हैं, जिसमें बोर्ड के संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी का मोबाइल नंबर 6396178537, शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी का मोबाइल नंबर 7055513072 और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत का मोबाइल नंबर 7830403040 शामिल हैं।
बोर्ड रिजल्ट देखने में आ रही दिक्कत, स्कूटनी भरने व सुधार परीक्षा के संबंध में जानकारी के लिए परीक्षार्थी इन हेल्पलाइन नंबर पर काल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- UBSE 10th 12th Result 2026: आज आएगा उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम, पहली बार मिलेगी हेल्पडेस्क की सुविधा
यह भी पढ़ें- UK Board Result: खत्म हुआ इंतजार, कल आएगा रिजल्ट; ubse.uk.gov.in पर जाकर ऐसे करें चेक