भारी बारिश से उत्तराखंड का कुमाऊं बेहाल, रेलवे ट्रैक पर आया मलबा; कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद
Uttarakhand Rain Alert: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे कुमाऊं मंडल में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
HighLights
उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग और कई सड़कें बंद हुईं
नैनीताल में जनजीवन प्रभावित, झील का जलस्तर बढ़ा
ऑनलाइन डेस्क, उत्तराखंड। Uttarakhand Rain Alert: उत्तराखंड में दो दिन धूप खिलने के बाद शुक्रवार सुबह से अधिकतर जिलों में जोरदार वर्षा का क्रम जारी है। चारधाम यात्रा जारी है और और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद है।
लगातार हो रही वर्षा व भूस्खलन से यात्रा मार्ग कई स्थानों पर खतरनाक बने हुए हैं। राज्य में 87 मार्ग भूस्खलन से बाधित चल रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो गई है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को देखते हुए देहरादून और नैनीताल के स्कूलों में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को अवकाश घोषित किया है। यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।
वहीं कुमाऊं मंडल में मौसम विभाग के अलर्ट का ज्यादा असर दिखाई दिया। यहां लगभग सभी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा।
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद
कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर मलघाट और एलागाड़ के निकट बंद हो गया है। थल मुनस्यारी मार्ग ला झेकला के पास बंद है। तवाघाट लिपूलेख मार्ग तीनतोला के पास मलबा आने से बंद है, जिस कारण चीन सीमा का संपर्क कट गया है।
रेलवे ट्रैक में मलबा आने से लालकुआं-काशीपुर रेल यातायात प्रभावित
हल्द्वानी: नैनीताल क्षेत्र में हो रही भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। लालकुआं-काशीपुर रेलखंड के टांडा जंगल क्षेत्र में भारी मात्रा में पानी और मलबा आने से रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गया, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया।
मलबा आने के कारण काशीपुर से लालकुआं आने वाली 55303 पैसेंजर ट्रेन, जो काशीपुर से सुबह 8:05 बजे रवाना होकर लालकुआं करीब 9:55 बजे पहुंचती है, का संचालन शुक्रवार को निरस्त कर दिया गया। बागेश्वर में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। पिथौरागढ़ में भी लगातार तेज बारिश हो रही है। फिलहाल अभी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
सरोवर नगरी में बरस रहा मूसलधार पानी, जन जीवन प्रभावित
नैनीताल: सरोवर नगरी में शुक्रवार को मानसून झमाझम बरसा है। नगर में सुबह से तेज बारिश जारी है। जिसका सामान्य जन जीवन पर बुरा असर पड़ा है। झील का जलस्तर 85.6 फीट से ऊपर पहुंच गया है। लगातार बारिश से पर्यटकों की आमद में कमी की आशंका से व्यवसायी चिंता में हैं।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट का पूर्वानुमान सही साबित हुआ। सुबह से मूसलाधार बारिश जारी है। जिस कारण रोजमर्रा के कार्य बाधित हुए हैं। पर्यटन गतिविधियों पर असर पड़ा है। नाले उफान पर है। मल्लीताल फील्ड समेत कई सड़कों में जलभराव हुआ है।
ऑरेंज अलर्ट के चलते स्कूलों में अवकाश रहा। वर्षा का तेज सिलसिला उर्वरत जारी है। शनिवार को भी मॉनसून सक्रीय रहेगा। लिहाजा बारिश का क्रम जारी रहेगा। लगातार बारिश से तापमान में कमी आई है। नगर में अभी तापमान 23 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। सुबह से अभी तक बारिश 30 मिमी हुई है।
बारिश से आठ सड़कें बंद
नैनीताल: जिले में लगातार बारिश सड़कों पर आफत बनी है। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार बारिश से कूल मोटर मार्ग, गर्जिया-बेतालघाट, फतेहपुर-बेल, अंबेडकर नगर-रीखोली,भिंडापानी-महतोली, स्युड़ा-हरिशताल , पटलोट-पश्या गांव व पंगोट-देचोरी मार्ग मलबा आने व भूस्खलन के कारण बंद हैं।
