विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम? कैलास मानसरोवर मार्ग बंद, बदरीनाथ धाम हाईवे खुला

Published: Thu, 27 Aug 2026 09:59 AM (IST)

उत्तराखंड में पहाड़ों पर बारिश के कारण कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित कई मार्ग बंद हो गए हैं। वहीं हाथी ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रदेश में पहाड़ों पर बौछार का दौर जारी है, जबकि, मैदानी क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चल रही है। गुरुवार को बदरीनाथ हाईवे विष्णु प्रयाग व मारवाड़ी पुल के बीच हाथी पहाड़ से मलबा आने से बंद हो गया था। जिसे बाद में खोल दिया गया। 

वहीं कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग भी कूलागाड़ के पास विशाल बोल्डर और मलबा आने से बंद है। यहां चीन सीमा का संपर्क कटा हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के पर्वतीय जनपदों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गर्जन और बौछारें पड़ने के आसार हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। 

यह भी पढ़ें- हरियाणा में आज इन 3 जिलों में होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

बदरीनाथ हाईवे खुला, 1500 यात्री रवाना

चमोली में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग विष्णु प्रयाग एवं मारवाड़ी पुल के बीच हाथी पहाड़ से मलबा आने एवं मार्ग धंसने के कारण अवरुद्ध हो गया था। जिसे बाद में हल्के और छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया। यहां हाईवे का एक हिस्सा अलकनंदा नदी में समा गया था।

हाईवे खुलने के बाद फिलहाल श्री हेमकुंड साहिब, वैली ऑफ फ्लावर्स सहित बदरीनाथ धाम की यात्रा सुचारू हो गई है। लगभग 1500 यात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे थे। यात्रियों को हाईवे सुचारू होने तक ज्योर्तिमठ, गोविंदघाट, पांडुकेश्वर, विष्णु प्रयाग, बदरीनाथ में रोका गया था।

कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद, चीन सीमा का संपर्क कटा

पिथौरागढ़ में बुधवार की रात्रि तीन सीमांत तहसील धारचूला, तेजम और बंगा पानी में में भारी वर्षा हुई। भारी वर्षा से धारचूला तहसील में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में कूलागाड़ के पास विशाल बोल्डर और मलबा आने से बंद हो गया है।

चीन सीमा का संपर्क कटा हुआ है। थल मुनस्यारी मार्ग पर झेकला के पास बंद होने से मुनस्यारी तहसील मुख्यालय का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है। जिले में 14 सड़कें बंद हैं।

रुद्रपुर में बारिश के चलते काशीपुर बाईपास रोड पर जलभराव हो गया। 

बादल-कोहरे से ढका रुद्रप्रयाग, 7 मोटर मार्ग अवरुद्ध

रुद्रप्रयाग जनपद में गुरुवार सुबह मौसम बादल और कोहरे से ढका है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ और जखोली तहसीलों में बीते समयावधि में बारिश नहीं हुई। जिले में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह आठ बजे के जलस्तर के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर 624.10 मीटर रहा, जो 626 मीटर के चेतावनी स्तर से नीचे है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर 623.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका चेतावनी स्तर 625 मीटर है। वहीं गंगानगर में नदी का जलस्तर 799.55 मीटर तथा गौरीकुंड में 1973.75 मीटर दर्ज किया गया। सभी नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे है।

सड़क मार्गों की स्थिति के अनुसार जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य राजमार्ग पर कोई मार्ग अवरुद्ध नहीं है। लोक निर्माण विभाग के दो तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के पांच मार्ग वर्तमान में अवरुद्ध बताए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग अवरोध नहीं है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए तैयारी का उच्चतम स्तर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दैवीय आपदा, दुर्घटना, मार्ग अवरुद्ध होने अथवा किसी प्रकार की क्षति की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को तत्काल देने की अपील की गई है।

कोटद्वार में बीती रात से लगातार बारिश

कोटद्वार में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई है। जिस कारण क्षेत्र में सभी मार्गों पर यातायात सुचारू है। कोटद्वार में बारिश से कुछ स्थानों पर घर व दुकानों में पानी घुसा है। लेकिन किसी तरह के जान माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें- लैंडस्लाइड के बाद बदरीनाथ-गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद, मध्यमहेश्वर यात्रा रुकी; खतरे के निशान से ऊपर नदियां