उत्तराखंड के पौड़ी में गुलदार का आतंक: महिला को बनाया शिकार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
कोटद्वार के नैनीडांडा में गुलदार ने एक महिला सुशीला देवी को अपना निवाला बना लिया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
नैनीडांडा में गुलदार ने महिला सुशीला देवी पर हमला किया
ग्रामीणों ने वन विभाग की लापरवाही पर प्रदर्शन किया
गुलदार को शूट करने की मांग पर अड़े ग्रामीण
संवाद सहयोगी, कोटद्वार। नैनीडांडा के पट्टी बिजलौट के ग्राम सत्खोलू के तोक ग्राम बणासी तल्ली में एक महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के समीप पहुंचकर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कहा कि गांव में पिछले कई माह से गुलदार की धमक बनी हुई थी। समस्या से कई बार वन विभाग को भी अवगत करवाया गया था। लेकिन, विभाग ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने गुलदार को शूट करने की मांग उठाई।
घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है। ग्राम बणासी तल्ली निवासी शांति देवी और सुशीला देवी हर रोज की तरह गांव के समीप स्थित खेतों में घास लेने गए हुए थे।इसी दौरान झाड़ियों के पीछे घात लगाकर बैठे गुलदार ने सुशीला देवी पर हमला कर दिया।
गुलदार सुशीला देवी को मुंह में दबाकर कई खेत ऊपर तक ले गया। कुछ दूर स्थित शांति देवी ने जब यह देखा तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई।
वह चीखते-चिल्लते हुए गांव पहुंची और घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की तलाश की ओर खेतों में झाड़ियों के पीछे पड़े अधखाए शव को बरामद किया।
सूचना के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन, टीम को गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना था कि आए दिन गुलदार आबादी क्षेत्र में पहुंच रहा है।
खबरें और भी
बावजूद वन विभाग ग्रामीणों के जीवन को लेकर लापरवाह बना हुआ था। ग्रामीण गुलदार को शूट नहीं किए जाने तक शव को नहीं उठाने की जिद पर डटे हुए थे।
जिसके बाद वन विभाग व पुलिस ने ग्रामीणों को जल्द समस्या के निराकरण का आश्वासन देते हुए शव के पंचनामा सहित आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की।
यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में घूम रहा सात गुलदारों का झुंड, लोगों में दहशत; घरों में दुबके ग्रामीण
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के टिहरी में गुलदार का आतंक, छत पर पढ़ रही 7 साल की बच्ची और सो रही महिला पर किया हमला