पिथौरागढ़ में भारी बारिश से आदि कैलास यात्रा मार्ग में टूटी चट्टान, घंटों फंसे रहे यात्री
पिथौरागढ़ में भारी बारिश के कारण आदि कैलास यात्रा मार्ग सहित चीन सीमा से जुड़ने वाले रास्ते बाधित हो गए, जिससे यात्री घंटों फंसे रहे। भूस्खलन से कई ग् ...और पढ़ें

पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में तेज वर्षा की वजह आंगन की दीवार ढह गई। वहीं, पिथौरागढ़ के चंडाक के धारापानी में आंगन की दीवार गिरने से मकान भी खतरे में आ गया। जागरण
HighLights
आदि कैलास यात्रा मार्ग मलघाट के पास बाधित हुआ
चीन सीमा को जोड़ने वाली दारमा घाटी सड़क बंद
कई मकानों के आंगन की दीवारें ध्वस्त हुईं
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। जिले में हो रही भारी बारिश से जगह-जगह चट्टानें दरकने लगी हैं। गुरुवार को चीन सीमा को जोड़ने वाले दोनों मार्ग बाधित हो गए। आदि कैलास यात्रा मार्ग बंद होने से यात्री घंटों धारचूला में फंसे रहे।
दारमा वैली में आवागमन पूरी तरह ठप रहा। जिले में कई मकानों के आंगन की दीवारें ध्वस्त हो गई। जिले में गुरुवार को पांच सड़कें बंद रही।
बुधवार रात हुई भारी बारिश से आदि कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में मलघाट के पास विशाल चट्टान दरक गई। चट्टान का मलबा सड़क पर आ जाने से आवागमन बाधित हो गया।
गुरुवार को अपराह्न दो बजे तक मार्ग बंद रहा। मार्ग बंद होने से यात्रा पर जा रहे आदि कैलास यात्री धारचूला में ही फंस गये। यात्रा पूरी कर वापस लौट रहे यात्री भी घंटों फंसे रहे। दो बजे मार्ग से मलबा हटाया जा सका।
इसके बाद वाहनों का संचालन शुरू हुआ और आदि कैलास यात्री आगे बढ़ सके। मलघाट में अभी भी पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं।
इससे खतरा बना हुआ है। चीन सीमा को जोड़ने वाली दारमा घाटी सड़क में पंपाबे के पास चट्टान टूट जाने से सड़क बाधित हो गई, इससे आवागमन ठप पड़ा हुआ है। देर सायं तक सड़क नहीं खुल सकी है। जिले में चार ग्रामीण सड़क बाधित है।
तवाघाट-थानीधार मोटर मार्ग नहीं खुल सका
तवाघाट-थानीधार मोटर मार्ग आज भी नहीं खुल सका। यह मार्ग 20 जून से बंद पड़ा है। देवीसूना-खेतारकन्याल गराली मोटर मार्ग बाधित है। दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग सड़क बाधित होने से परेशान है।
खबरें और भी
गुरुवार को पिथौरागढ़ में 20 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कनालीछीना में 18 मिमी, धारचूला में 17.2 मिमी, देवलथल में 17 मिमी, बंगापानी में 13 मिमी, थल में 12 मिमी, डीडीहाट में 10 मिमी, गंगोलीहाट में 8 मिमी और बेरीनाग में 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
जिला मुख्यालय के नजदीकी चंडाक क्षेत्र के धारापानी गांव में ज्योति जोशी और गंगोलीहाट के जाखनी गांव चंचल सिंह के मकान के आंगन की दीवार ध्वस्त हो गई हैं।
दोनों मकान खतरे की जद में हैं। प्रभावितों ने राजस्व विभाग को दीवार टूटने की सूचना दे दी है।प्रशासन ने लोगों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।