Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    केदारनाथ में सुबह दर्शन का समय बदला, विशेष पूजा समय पर

    By BhanuEdited By:
    Updated: Tue, 20 Jun 2017 04:50 PM (GMT+05:30)

    श्री बदरी-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ धाम में दर्शनों के समय में बदलाव किया है। अब यात्री सुबह पांच बजे के बजाय छह बजे से दर्शन करेंगे। ...और पढ़ें

    केदारनाथ में सुबह दर्शन का समय बदला, विशेष पूजा समय पर
    केदारनाथ में सुबह दर्शन का समय बदला, विशेष पूजा समय पर

    रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: लगातार हो रही बारिश के कारण यात्रियों की संख्या घटने पर श्री बदरी-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ धाम में दर्शनों के समय में बदलाव किया है। अब यात्री सुबह पांच बजे के बजाय छह बजे से दर्शन करेंगे, जबकि अन्य विशेष पूजाएं अपने नियत समय पर चलती रहेंगी।

    पिछले कुछ दिनों से केदारनाथ धाम में यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है। यात्रा शुरू होने के लगभग एक माह तक जहां औसतन दस हजार यात्री प्रतिदिन दर्शन कर रहे थे, वहीं अब यह आंकड़ा दो से ढाई हजार के बीच पहुंच गया है। 

    इसे देखते हुए मंदिर समिति ने सुबह पांच के बजाय छह बजे से दर्शनों के लिए मुख्य द्वार खोलने का निर्णय किया है। जबकि, मंदिर में तड़के तीन बजे से होने वाली विशेष पूजाएं यथावत रहेंगी। इनमें रुद्राभिषेक, रुद्र महायज्ञ आदि पूजाएं शामिल हैं।

    मंदिर समिति के कार्याधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि जून शुरुआत से यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है। इसे देखते हुए दर्शनों का समय बदला गया। इससे किसी भी यात्री को कोई परेशानी नहीं होगी। इसके साथ ही यात्रियों की संख्या और घटने पर हवाई सेवा से आने वाले यात्रियों से वीआइपी दर्शनों का शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। 

    खबरें और भी

    वह भी आम यात्री की तरह दर्शन कर सकते हैं। बता दें कि हेली सेवाओं से आने वाले यात्री वीआइपी दर्शनों के लिए मंदिर समिति के पास 2100 रुपये का शुल्क जमा कराते हैं।

    48 दिनों में 3.51 लाख कर चुके दर्शन

    केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के 48 दिनों में बाबा के दर्शनों को पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या साढ़े तीन लाख का आंकड़ा पार कर गई है। जबकि बीते वर्ष पूरे सीजन में तीन लाख नौ हजार 746 यात्री ही केदारनाथ पहुंच पाए थे। 

    हालांकि, लगातार बारिश के चलते यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट आई है, बावजूद इसके अब तक तीन लाख 51 हजार 527 यात्रियों का केदारनाथ पहुंचना इस बात का संकेत है कि यात्रा पटरी पर लौट आई है। आपदा के बाद पहली बार धाम में यात्रियों का ऐसा हुजूम उमड़ा है।

    सोमवार को 2680 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 1370 पुरुष, 1229 महिलाएं व 81 बच्चे शामिल थे। वहीं, गौरीकुंड से लगभग डेढ़ हजार यात्रियों को केदारनाथ जाने की अनुमति दी गई।

    यह भी पढ़ें: केदारनाथ आपदाः धीरे-धीरे परवान चढ़ रही केदारनाथ यात्रा

    आपदा के चार साल बाद कितना बदला केदारनाथः देखें तस्वीरें

    यह भी पढ़ें: बदरी-केदार मंदिर समिति का भर रहा खजाना, व्यापारियों के भी अच्छे दिन लौट