केदारनाथ में भारी बर्फबारी के बाद चांदी सी चमकी केदारपुरी, भवनों से बर्फ हटा रहे पुलिस और आइटीबीपी के जवान
केदारनाथ धाम में लगातार तीसरे दिन भारी बर्फबारी हुई, जिससे केदारपुरी चांदी सी चमक उठी। शून्य से नीचे तापमान के बावजूद, पुलिस और आईटीबीपी के जवान आवासी ...और पढ़ें
HighLights
केदारनाथ में लगातार तीसरे दिन हुई भारी बर्फबारी।
जवानों ने आवासीय कॉटेज और मार्गों से बर्फ हटाई।
ऊखीमठ-चोपता-मंडल मोटरमार्ग यातायात के लिए खुला।
संवाद सहयोगी, जागरण, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में लगातार तीसरे दिन बर्फबारी होने से केदारपुरी ने चारों ओर से सफेद चादर ओढ़ ली है।
मंगलवार-बुधवार रातभर हुई बर्फबारी के चलते दिन में जवान बर्फ को साफ करते रहे, ताकि आवासीय काटेज बर्फ से न ढक जाएं।
कठोर चुनौतियों के बीच हो रही भारी बर्फबारी के चलते एक ओर सुरक्षा बल तीर्थस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए हुए हैं, वहीं दूसरी ओर आवासीय परिसरों से भारी मात्रा में जमी बर्फ हटाने का कार्य भी कर रहे हैं।

शून्य से नीचे के तापमान और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवान पूरी मुस्तैदी से दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
वह न केवल केदारनाथ धाम की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, बल्कि संपर्क मार्गों और बैरक में जमी कई फीट बर्फ को हटाकर आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
बर्फबारी के कारण जब आवासीय क्षेत्रों और मार्गों में आवाजाही बाधित हुई तो जवानों ने फावड़े से बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया और लगातार कई घंटों तक बर्फ हटाने में जुटे रहे।

कम आक्सीजन और अत्यधिक ठंड जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उनका मनोबल ऊंचा बना हुआ है।
वहीं ऊखीमठ-चोपता-मंडल मोटरमार्ग बर्फबारी होने के बाद से बंद चल रहा था। अब मार्ग से बर्फ हटाकर यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया है। मार्ग से चिरबटिया व घिमतोली में भी बर्फ हटा दी गई है।