रुद्रप्रयाग में मौसम साफ होते ही केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू, सोनप्रयाग से रवाना हुए 800 श्रद्धालु
शुक्रवार सुबह मौसम में सुधार के बाद केदारनाथ यात्रा फिर से शुरू हो गई, जिसमें सोनप्रयाग से लगभग 800 श्रद्धालुओं को धाम के लिए रवाना किया गया। ...और पढ़ें

रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित केदारनाथ धाम की तस्वीर।
HighLights
मौसम में सुधार के बाद केदारनाथ यात्रा पुनः शुरू
सोनप्रयाग से 800 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के लिए रवाना
अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। शुक्रवार सुबह मौसम में सुधार होने के बाद केदारनाथ यात्रा को पुनः शुरू कर दिया गया।
प्रशासन ने मार्ग की स्थिति का आकलन करने के बाद सुबह करीब आठ बजे से चरणबद्ध तरीके से लगभग 800 श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम के लिए रवाना किया।
हालांकि पैदल यात्रा मार्ग के कई संवेदनशील स्थानों पर मलबा हटाने का कार्य अभी भी जारी है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार 24 घंटे में रुद्रप्रयाग में 3.00 मिमी, ऊखीमठ में 17.50 मिमी तथा जखोली में 8.00 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।
अलकनंदा नदी का जलस्तर 627.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 627.00 मीटर है। वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 626.50 मीटर रिकार्ड किया गया, जो 626.00 मीटर के खतरे के निशान से ऊपर है।
नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा लोगों को नदी के तटों से दूर रहने की अपील की जा रही है। लगातार वर्षा और भूस्खलन के कारण गुरुवार को पूरे दिन केदारनाथ यात्रा सुरक्षा कारणों से स्थगित रही थी।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रोका गया, जहां पुलिस और प्रशासन ने भोजन, आवास तथा आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं।
मौसम में सुधार के बाद शुक्रवार सुबह यात्रा को पुनः शुरू किया गया। यात्रा मार्ग पर जेसीबी मशीनों और संबंधित विभागों की टीमें लगातार मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रा पूरी तरह मौसम और मार्ग की स्थिति पर निर्भर रहेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिए जाएंगे।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के दो स्थान, राज्य राजमार्ग के तीन, लोक निर्माण विभाग के तीन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के सात तथा एनपीसीसी के दो मार्ग अभी भी बंद हैं।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश और भूस्खलन के चलते केदारनाथ यात्रा बाधित, पड़ावों पर रोके गए 2000 यात्री
यह भी पढ़ें- दो दिन बाद शुरू हुई चारधाम यात्रा फिर रुकी, केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा आने से रास्ता बंद