Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रुद्रप्रयाग में पुलिस की सघन संध्याकालीन गश्त, यात्रा सीजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

    Updated: Wed, 01 Apr 2026 07:59 AM (GMT+05:30)

    रुद्रप्रयाग पुलिस ने एसपी नीहारिका तोमर के निर्देश पर कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए सघन संध्याकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया। सभी प ...और पढ़ें

    पैदल गश्त करते पुलिस अधिकारी। जागरण

    पैदल गश्त करते पुलिस अधिकारी। जागरण

    HighLights

    1. पुलिस ने रुद्रप्रयाग में सघन संध्याकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया।

    2. यात्रा सीजन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

    3. नशे के कारोबार व यातायात उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई हुई।

    जागरण संवाददाता, रुद्रप्रयाग। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में पूरे जिले में व्यापक स्तर पर ‘संध्याकालीन पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान’ चलाया गया।

    इस अभियान के तहत जनपद के सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग में पुलिस बल ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

    आगामी यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा विभिन्न बैरियरों पर विशेष सतर्कता बरती गई। इस दौरान नशे के अवैध कारोबार और तस्करी पर रोक लगाने के लिए वाहनों की गहन चेकिंग की गई और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी गई।

    अभियान के दौरान देर शाम सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई तथा वाहनों की सघन तलाशी ली गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों—विशेषकर बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग और नशे में ड्राइविंग करने वालों—के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई।

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड ग्रामीण बैंक घोटाला: पूर्व मैनेजर समेत 12 दोषियों को सजा सुनाई

    पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ड्यूटी और चेकिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।

    खबरें और भी

    पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मिलकर सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।