उत्तराखंड के नौ जिलों में बारिश का अलर्ट, रुद्रप्रयाग में मद्महेश्वर मार्ग बंद; केदारनाथ हाईवे पर आया मलबा
उत्तराखंड के नौ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे चारधाम यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण खतरनाक बने हुए हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में वर्षा का क्रम जारी है। चारधाम यात्रा सुचारू है, लेकिन यात्रा मार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण खतरनाक बने हुए हैं। नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर व ऊधम सिंह नगर में वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।
मद्महेश्वर पैदल मार्ग मलबा आने से बंद
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊखीमठ और जखोली तहसील क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई है, जबकि रुद्रप्रयाग तहसील में बारिश नहीं हुई।
गुरुवार सुबह 8:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जनपद का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तहसीलों से प्राप्त वर्षा के आंकड़ों के अनुसार ऊखीमठ में 18 मिमी तथा जखोली में 13 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि रुद्रप्रयाग में वर्षा शून्य रही।
प्रातः आठ बजे नदियों के जलस्तर की स्थिति सामान्य बनी हुई है। अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.40 मीटर दर्ज किया गया, जो 626 मीटर के चेतावनी स्तर से नीचे है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.28 मीटर रहा, जबकि चेतावनी स्तर 625 मीटर है। गंगानगर नदी का जलस्तर 800 मीटर तथा गौरीकुंड में जलस्तर 1973.95 मीटर दर्ज किया गया। सभी नदियों का जलस्तर चेतावनी और खतरे के निशान से नीचे बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, नौ जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट
वहीं, जनपद में सड़क मार्गों पर बारिश और भूस्खलन का असर बना हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोई मार्ग अवरुद्ध नहीं है, जबकि राज्य मार्ग संख्या-37 मयाली-गुप्तकाशी मोटर मार्ग, एक राज्य मार्ग प्रभावित है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के आठ, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन तथा एनपीसीसी का एक मार्ग अवरुद्ध बताया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मद्महेश्वर पैदल मार्ग पर गौंडार और ट्रॉली के मध्य भारी मलबा और बोल्डर आने से मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। मार्ग को खोलने के लिए स्थानीय श्रमिकों को लगाया गया है।
गोपेश्वर चोपता केदारनाथ हाईवे बंद
गोपेश्वर में रात्रि से जारी बारिश गुरुवार सुबह को थमी। बदरीनाथ हाईवे सुचारू है। गोपेश्वर चोपता केदारनाथ हाईवे मंडल में बीती शाम से बंद है। यहां पर नाले में मलबा आने से हाईवे बाधित है।
