विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, नौ जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट

Updated: Thu, 03 Sep 2026 07:37 AM (IST)

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है, पहाड़ से मैदान तक हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है, कुमाऊं में भारी बारिश ...और पढ़ें

नैनीताल में रातभर में 217 मिमी वर्षा, भीमताल में भी जोरदार बारिश। जागरण

नैनीताल में रातभर में 217 मिमी वर्षा, भीमताल में भी जोरदार बारिश। जागरण

HighLights

  1. उत्तराखंड में मानसून सक्रिय, हल्की से मध्यम वर्षा जारी।

  2. नौ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी।

  3. भूस्खलन और जलभराव का खतरा, सतर्कता बरतने की सलाह।

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पहाड़ से मैदान तक बुधवार को बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ तेज बौछारें पड़ीं। कुमाऊं में ज्यादातर क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश आफत बनी हुई है। दून में भी बौछारों का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी देहरादून-नैनीताल समेत नौ जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

बुधवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की वर्षा होती रही। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार वर्षा के चलते भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। मंगलवार की रात से बुधवार सुबह तक नैनीताल में भारी वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ।

यहां 217 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। कुमाऊं के कई क्षेत्रों में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि भूस्खलन के कारण पहाड़ी मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होती रही। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात भी बने। लगातार हो रही बारिश से तापमान भी सामान्य से कम बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- देहरादून में रफ्तार का कहर, कैंट रोड पर अनियंत्रित होकर सब्जी की दुकान में घुसी बेकाबू कार

इसके साथ ही सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- आपदा में मदद को उतरेगा उत्तराखंड के रवि टम्टा का ‘उड़न खटोला’, बढ़ाया मदद का हाथ

WhatsApp Image 2026-09-03 at 7.44.09 AM

थल-पिथौरागढ़ मार्ग ऋणबिच्छूल के पास भूस्खलन से बंद
उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश के बीच पिथौरागढ़ में थल-पिथौरागढ़ मार्ग ऋणबिच्छूल के पास पहाड़ी से भारी मलबा आने के कारण यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। इस मार्ग पर झारखंड में शहीद हुए भारतीय सेना के एक जवान के पार्थिव शरीर को ले जा रहा वाहन भी मलबे और भूस्खलन के कारण रास्ते में फंस गया है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मार्ग को जल्द से जल्द खुलवाने और मलबे को हटाने का काम जारी है