Uttarakhand Weather: वसंत बहार में बर्फ-बारिश की फुहार, लौटी सर्दी; निकले गर्म कपड़े
उत्तराखंड में वसंत ऋतु में बर्फबारी और बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। चारधाम सहित ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात हुआ, जबकि मैदानी इलाकों में जमकर बार ...और पढ़ें

चारधाम समेत ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात.

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। शीतकाल भले ही वर्षा-बर्फबारी के बिना सूखा गुजर गया, लेकिन मार्च दूसरे सप्ताह के बाद हो रही वर्षा-बर्फबारी ने मौसम को न केवल खुशगवार बना दिया है, बल्कि वसंत में ठंडक भी लौट आई है।
चारधाम समेत पर्वतीय जिलों की ऊंची पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गई हैं और मैदानी इलाकों में जमकर मेघ बरस रहे हैं। इससे पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर के तापमान में एक से लेकर सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
प्रदेश के पर्वतीय जिलों में ऊंची चोटियों पर पिछले पांच दिन से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। गुरुवार को भी बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, औली व गौरसों समेत ऊंची चोटियों पर दोपहर बाद से बर्फबारी हो रही है। जबकि, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में कहीं झमाझम तो कहीं रुक-रुककर हल्की वर्षा का क्रम जारी है।
इससे मौसम एक बार फिर ठंडा हो गया है। मैदानी क्षेत्रों में भी मेघ जमकर बरस रहे हैं और लोगों के गर्म कपड़े निकल आए हैं। इस वर्षा को खेती के लिए लाभदायी माना जा रहा है और काश्तकारों के चेहरे खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इससे फसलों को नमी मिलेगी।
सात पर्वतीय जिलों में आज आरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत व पिथौरागढ़ जिले के 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर कहीं-कहीं भारी बर्फबारी, वर्षा, ओलावृष्टि व झक्कड़ का आरेंज अलर्ट जारी किया है।
खबरें और भी
जबकि, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा व नैनीताल में हल्की से मध्यम वर्षा, ओलावृष्टि व झक्कड़ का यलो अलर्ट रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से अंधड़ चलने का भी अंदेशा है।
औली फिर गुलजार
लगातार बर्फबारी के चलते औली व गौरसों में फिर पर्यटकों का जमावड़ा लगने लगा है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय कारोबारियों में भी खासा उत्साह है और वह पर्यटकों के साथ वसंत में भी ठंड का उत्सव मना रहे हैं। पर्यटक औली में घुड़सवारी के साथ ही ट्यूब रेस का भी आनंद ले रहे हैं।
सतपुली में सर्वाधिक 13 मिमी वर्षा
पिछले 24 घंटों के दौरान पौड़ी के सतपुली में सर्वाधिक 13 मिमी वर्षा हुई। उत्तरकाशी के हर्षिल में 8.0 मिमी, चमोली के पांडुकेश्वर में 4.5 मिमी और बदरीनाथ, थलीसैंण, नैनबाग व चंद्रबदनी 4.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।