रुद्रप्रयाग में घास काटते समय पहाड़ी से गिरकर हुई महिला की मौत, एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर शव किया बरामद
रुद्रप्रयाग के सोनप्रयाग क्षेत्र में घास काटते समय एक महिला पहाड़ी से फिसलकर गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

रामपुर न्यालसू में खाई में गिरी महिला के शव को निकालने के लिए खाई में उतरते एसडीआरएफ के जवान। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। जनपद के सोनप्रयाग क्षेत्रान्तर्गत रामपुर न्यालसू के जंगल में घास काटने गई एक महिला की पहाड़ी से फिसलकर मौत हो गई। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर शव बरामद किया और लगभग तीन किलोमीटर पैदल नीचे मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
मंगलवार को कोतवाली सोनप्रयाग से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि रामपुर न्यालसू जंगल क्षेत्र में एक महिला पहाड़ी से गिर गई है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सोनप्रयाग से उप निरीक्षक संतोष परिहार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
टीम सड़क मार्ग से रामपुर तक पहुंची। इसके बाद मंदाकिनी नदी को पैदल पार करते हुए लगभग दो किलोमीटर की खड़ी और दुर्गम पहाड़ी की चढ़ाई चढ़कर घटनास्थल तक पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि महिला गीता देवी (40 वर्ष), पत्नी गजपाल सिंह, निवासी रामपुर न्यालसू की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू उपकरणों की मदद से तीव्र ढाल और जोखिम भरे पहाड़ी क्षेत्र से महिला के शव को निकाला। लगभग तीन किलोमीटर पैदल मार्ग तय कर शव को मुख्य सड़क तक लाया गया और बाद में जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
