स्वास्थ्य मंत्री बोले- उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी सरकार, नहीं होगी डॉक्टरों की कमी
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर गांव और शहर में डॉक्टरों व स्वास्थ्य सेवाओं की कमी नहीं होने देगी। ...और पढ़ें

घनसाली में आयोजित घनसाली शताब्दी वर्ष समारोह का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, घनसाली (टिहरी)। स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर गांव और शहर में चिकित्सकों व आवश्यक दवाइयों सहित स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को आड़े नहीं आने देगी।
सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर और योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराई जाएंगी, ताकि आम जनता को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
शनिवार को नगर पंचायत घनसाली में जन जागृति लोक संरक्षण समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय घनसाली शताब्दी वर्ष समारोह का बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा और यह केंद्र आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
कहा कि आने वाले एक वर्ष के भीतर उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अधिक से अधिक कार्य करने का संकल्प लिया है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक मेले आने वाली पीढ़ी के लिए एक मिसाल हैं। अपनी संस्कृति बचाने के लिए अपने बच्चों को इससे जरूर रूबरू कराएं।
विधायक शक्ति लाल शाह ने बताया कि वर्ष 1972 के बाद पहली बार पीएचसी पिलखी का उच्चीकरण उनकी सरकार ने किया, जो क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम है।
कार्यक्रम के दौरान शहर के वरिष्ठ नागरिकों और प्रबुद्धजनों ने घनसाली के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए जानकारी साझा की।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, विनोद रतूड़ी, भिलंगना ब्लाक प्रमुख राजीव कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष घनसाली आनंद सिंह बिष्ट, ओम प्रकाश भुजवान, जयवीर मियां, रजनीकांत सुरीरा, विजय कुमाई, मुरारी लाल गैरोला, इंदु डंगवाल, परमवीर पंवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।