Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड के लखवाड़ परियोजना क्षेत्र में 6 माह के लिए निषेधाज्ञा लागू, शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश

    Updated: Sun, 31 May 2026 07:50 PM (GMT+05:30)

    लखवाड़ बांध बहुउद्देशीय परियोजना क्षेत्र में आगामी छह माह के लिए निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह कदम परियोजना कार्यों के सुचारु संचालन और क्षेत्र में ...और पढ़ें

    लखवाड़ बांध बहुउद्देशीय परियोजना क्षेत्र। जागरण

    लखवाड़ बांध बहुउद्देशीय परियोजना क्षेत्र। जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, नैनबाग (टिहरी)। लखवाड़ बांध बहुउद्देशीय परियोजना (300 मेगावाट) क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

    परियोजना क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों व संगठनों की ओर से धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी, जुलूस, मार्ग अवरोध और कार्यस्थलों पर अनाधिकृत प्रवेश की संभावनाओं को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है, ताकि परियोजना कार्यों के सुचारू संचालन के साथ-साथ क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।

    यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होकर आगामी छह माह तक प्रभावी रहेगा।

    निषेधाज्ञा के तहत परियोजना के सभी कार्यस्थलों से 500 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

    हालांकि स्थानीय ग्रामीणों को अपने घरों तक आने-जाने और कृषि कार्यों के लिए शांतिपूर्ण आवाजाही की अनुमति दी गई है, लेकिन उन्हें प्रशासन की ओर से जारी सभी निर्देशों और शर्तों का पालन करना होगा।

    बिना सक्षम अनुमति के धरना-प्रदर्शन, जुलूस, नारेबाजी, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग और हथियार, ज्वलनशील पदार्थ या अन्य आपत्तिजनक सामग्री लेकर चलना भी प्रतिबंधित रहेगा।

    इसके अलावा परियोजना स्थल, कार्यालय, आवासीय परिसर व निर्माण क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह वर्जित किया गया है।

    उपजिला मजिस्ट्रेट धनोल्टी नीलू चावला की ओर से जारी आदेश में परियोजना की मशीनरी, वाहनों और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अधिकारियों, कर्मचारियों व ठेकेदारों के कार्य में बाधा उत्पन्न करने और इंटरनेट मीडिया या अन्य माध्यमों से भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित करने पर भी रोक लगाई गई है।

    उपजिला मजिस्ट्रेट नीलू चावला ने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

    यह भी पढ़ें- टिहरी बांध पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की लोगों से अपील

    यह भी पढ़ें- टिहरी बांध झील का बढ़ता जलस्तर बना मुसीबत, हिटारा में दुर्गंध; बीमारी का खतरा बढ़ा