टिहरी में नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में मीट कारोबारी गिरफ्तार, हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
नाबालिग लड़की को मीट की दुकान में 25 मिनट तक बंधक बनाकर छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने मीट कारोबारी रईस को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
नाबालिग को दुकान में बंधक बनाकर छेड़छाड़
मीट कारोबारी रईस पोक्सो एक्ट में गिरफ्तार
वीडियो वायरल होने पर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। नाबालिग को मीट की दुकान में 25 मिनट तक कैद रखकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने पोक्सो और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित मीट कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने प्रदर्शन किया और आरोपित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
मामला टिहरी जिले के एक बाजार का है। सोमवार को एक महिला ने कोतवाली में तहरीर दी कि मूल रूप से स्योहारा, धामपुर, बिजनौर (उत्तरप्रदेश) निवासी रईस यहां मीट की दुकान चलाता है।
आरोप है कि उसने नाबालिग बेटी को अपनी दुकान में कैद रखा और छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें कीं।
कोतवाल ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित के विरुद्ध पोक्सो, छेड़छाड़, गलत तरीके से बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
वहीं, मामला इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारी भड़क गए।
विहिप के प्रखंड अध्यक्ष देवेन्द्र पंवार, उपाध्यक्ष सतीष पंवार, जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह सजवाण, संगठन मंत्री गौरव, विभाग मंत्री सुरम तोपवाल, जिला मंत्री विनय तिवाड़ी, जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र कुमाई, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सुभाष, सहसयोजक गौरव, देवी प्रसाद रतूड़ी आदि ने बाजार में प्रदर्शन किया।