सावन के दूसरे सोमवार पर टिहरी के शिवालयों में आस्था की भीड़, भक्तों ने किया जलाभिषेक
सावन के दूसरे सोमवार को टिहरी गढ़वाल के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। ...और पढ़ें

नई टिहरी के त्रिदेव महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। सुधि पाठक
HighLights
टिहरी के शिवालयों में सावन के दूसरे सोमवार को उमड़ी भीड़
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और बेलपत्र चढ़ाकर जलाभिषेक किया
भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की
संवाद सहयोगी, नई टिहरी। सावन के दूसरे सोमवार को टिहरी के सभी प्रमुख शिवालयों में कोटेश्वर महादेव, ओणेश्वर महादेव, थकलेश्वर महादेव, सत्तेश्वर महादेव और त्रिदेव मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
भक्तों ने बम-बम भोले के जयकारों के साथ शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और बेलपत्र चढ़ाकर जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन के सोमवार का आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व बहुत होता है। मनोकामना पूर्ति को अविवाहित कन्याएं अच्छे वर की प्राप्ति के लिए और विवाहित महिलाएं अपने परिवार की सुख-शांति व पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं।
सावन में सोमवार का विशेष महत्व है, भगवान शिव के प्रिय महीने में सोमवार साधना का दिन होता है।
माना जाता है कि भक्त शिवजी को प्रसन्न करने के लिए हर सोमवार को व्रत और तप करते हैं। इस दिन शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, और बेलपत्र अर्पित करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
नैनबाग स्थित यमुनेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद, घी, बेलपत्र, भांग, धतूरा और फल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। मंदिर में तड़के से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर तक लगातार जारी रहा।
बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
यमुनेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी पंडित अजित डिमरी ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु सच्चे मन और श्रद्धा के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना करता है, उसकी मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं।
थत्यूड़ स्थित त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
यह भी पढ़ें- बागेश्वर: सावन के दूसरे सोमवार पर बागनाथ धाम में उमड़ी आस्था, भक्तों ने किया जलाभिषेक
यह भी पढ़ें- सावन में इस बार 4 सोमवारी, लेकिन 17 अगस्त का दिन होगा सबसे खास; 23 साल बाद बन रहा दुर्लभ संयोग!