Tehri Acro Festival में पैराग्लाइडिंग में दिखाए हैरतंगेज करतब, दर्शक हुए रोमांचित
टिहरी बांध पर चार दिवसीय टिहरी एक्रो फेस्टिवल और एसआइवी प्रतियोगिता में देश-विदेश के पैराग्लाइडर्स ने हैरतंगेज करतब दिखाए, जिससे दर्शक रोमांचित हो उठे ...और पढ़ें

टिहरी बांध की झील के पास पैराग्लाइडिंग के दौरान करतब दिखाते पायलट। पर्यटन विभाग
HighLights
पैराग्लाइडर्स ने टिहरी झील पर हैरतंगेज करतब दिखाए।
एसआइवी चैंपियनशिप का फाइनल राउंड संपन्न, परिणाम आज घोषित।
सीएम धामी करेंगे पुरस्कार वितरण, विकास कार्यों का शिलान्यास।
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। पर्यटन विभाग की पहल पर टिहरी बांध के झील परिक्षेत्र में चार दिवसीय टिहरी एक्रो फेस्टिवल और एसआइवी प्रतियोगिता में देश-विदेश के कई खिलाड़ियों ने पैराग्लाइडिंग में हैरतंगेज करतब से दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
एसआइवी चैंपियनशिप का फाइनल राउंड पूरा हो गया है। जिसका परिणाम शुक्रवार (आज) को प्रतियोगिता के समापन पर घोषित किया जाएगा।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी एसएस राणा ने बताया कि एसआइवी प्रतियोगिता के तहत विभिन्न पायलेट्स ने प्रतापनगर और कुट्ठा से उड़ान भरकर विभिन्न स्टेज को पार करते हुए हुनर का प्रदर्शन किया।
इस दौरान आसमान में उन्होंने कई हैरतंगेज करतब से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। गुरुवार को मौसम साफ और धूप खिली होने के कारण पैराग्लाइडिंग में पायलेट्स को भी उड़ान भरने में कोई दिक्कत नहीं हुई।
राणा ने बताया कि एसआइवी चैंपियनशिप का फाइनल राउंड पूर्ण हो चुका है। जिसका परिणाम शुक्रवार को घोषित किया जाएगा। बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को तीन लाख रुपये, उपविजेता को दो लाख और तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागी को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों यह पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एसआइवी पायलट्स की ओर से बेस जंपिंग, विंगसूट जंप के अतिरिक्त एक्रो गतिविधियों के करतब किए गए।
इसके अलावा पहली बार कोटी कालोनी में भारतीय पायलट हिमाचल के सोनू ठाकुर ने टंडेम इनफिनिटी टर्बलिंग किया, जिसमें पैराग्लाडिंग के दौरान हवा में करतब दिखाया जाता है। इस मौके पर एडीबी के प्रोजेक्ट मैनेजर आशीष कठैत, टाडा के नवीन नेगी, दर्मियान सिंह, दर्शन पंवार आदि मौजूद रहे।
सीएम धामी करेंगे योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को कोटी कालोनी में पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित टिहरी एक्रो फेस्टिवल एंड एसआइवी चैंपियनशिप के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री टिहरी विधानसभा क्षेत्र में 22 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और छह करोड़ 82 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
टिहरी एक्रो फेस्टिवल और एसआइवी प्रतियोगिता के समापन के दौरान ही उक्त योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। जिसको लेकर प्रशासन की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
यह भी पढ़ें- Tehri Acro Festival में देश-विदेश के पायलटों ने हवा में दिखाए करतब, दर्शकों ने दांतों तले दबा ली अंगुली
यह भी पढ़ें- Tehri Acro Festival में पैराग्लाइडरों ने बांधा समां, हवा में करतब देख रोमांचित हुए दर्शक