टिहरी में विश्वनाथ सेवा की बस पलटी, चालक-परिचालक समेत तीन लोग गंभीर घायल
उत्तरकाशी से ऋषिकेश जा रही विश्वनाथ सेवा की बस टिहरी के काण्डीखाल में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। ...और पढ़ें

नई टिहरी क्षेत्र में काण्डीखाल के डाबरी के पास बस पलटी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, चंबा (टिहरी)। उत्तरकाशी से ऋषिकेश जा रही एक विश्वनाथ सेवा की बस कोतवाली नई टिहरी क्षेत्र में काण्डीखाल के डाबरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। जिसमें सवार बस चालक, परिचालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चौकी प्रभारी काण्डीखाल राजेंद्र कुमार ने बताया कि घटना शुक्रवार शाम करीब 3:40 बजे की है। बस संख्या (यूके14 पीए 9953) उत्तरकाशी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी।

ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर काण्डीखाल में डाबरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से तीन मीटर नीचे पलट गई।
दुर्घटना में चालक-परिचालक सहित एक युवती गंभीर घायल हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

बस पलटने की सूचना पर मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस सवार यात्रियों को बस से बहार निकाला और घायलों 108 सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल, बौराड़ी पहुंचाया।
गनीमत रही कि बस पेड़ पर अटक गई, जिसके कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया कि बस में कुल 30 लोग सवार थे।
जिन्हें दूसरे वाहनों से उनके गंतव्यों की ओर रवाना कर दिया गया है। घायलों में बस चालक, परिचालक व जम्मू की रहने वाली एक महिला यात्री शामिल हैं।

घायलों में बस चालक धन सिंह (48) पुत्र बचन सिंह निवासी मालदेवता, देहरादून, मनोज (35) पुत्र गोविंदराम निवासी ग्राम गैरसैण, चमोली और सोनिया (25) पुत्री पूरन चंद निवासी 170, लेन नंबर 9, शिव नगर, जम्मू शामिल हैं। बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।