चमोली सुरंग हादसा: अप्रैल में बजी थी शहनाई, अब उठेगी अर्थी; मां के बाद बेटे की मौत से मातम
Chamoli Tunnel collapse: चमोली के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे में टिहरी के प्रदीप पंवार (31) की मौत हो गई।

मां के निधन के बाद परिवार को संभाल रहे प्रदीप भी चले गए।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। Chamoli Tunnel collapse: चमोली के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने टिहरी के एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
विकासखंड थौलधार के ग्राम गंवाल निवासी प्रदीप सिंह पंवार (31) इस हादसे में जिंदगी की जंग हार गए। प्रदीप की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रदीप पंवार ग्राम गंवाल, पोस्ट आफिस काफलपानी, ब्लाक थौलधार, विधानसभा प्रतापनगर क्षेत्र के रहने वाले थे। प्रदीप के परिवार में पिता, भाई, भाभी, पत्नी और छोटा भाई हैं।
कुछ समय पहले ही उनकी मां का निधन हुआ था। परिवार अभी मां के जाने के दुख से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था, कि प्रदीप की असमय मौत ने जख्म और गहरा कर दिया।
उजड़ गई नवविवाहित पत्नी की दुनिया
13 अप्रैल को प्रदीप की शादी हुई थी। परिवार ने नई जिंदगी की शुरुआत के सपने देखे थे। लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था।
शादी के कुछ ही महीने बाद सुरंग हादसे में प्रदीप की मौत की खबर ने नवविवाहित पत्नी की दुनिया ही उजाड़ दी। जिस घर में कुछ महीने पहले दुल्हन विदा होकर आई थी, उसी घर में अब मातम पसरा है।

