यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रुद्रपुर में मासूम से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपित को धुना
रुद्रपुर में ट्रांजिट कैंप में एलकेजी में पढ़ने वाली 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया गया।

रुद्रपुर, जेएनएन। ट्रांजिट कैंप में एलकेजी की छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। मासूम के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपित को पकड़ लिया। उसकी जमकर धुनाई लगाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपित पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक ट्रांजिट कैंप निवासी एक व्यक्ति की पांच साल की पुत्री एलकेजी की छात्रा है। सोमवार शाम को वह घर के बाहर खेल रही थी। इसी बीच खेलते खेलते वह दूसरी कॉलोनी में पहुंच गई। बच्ची को अकेला देख एक युवक उसके पास आया और बहला फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। आरोप है कि इस दौरान उसने बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के चीखने चिल्लाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। आरोपित के भागने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और धुनाई लगा दी। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम मनकरा, थाना भोट, रामपुर निवासी आरिफ उर्फ राजू बताया। बताया कि वह शिवनगर नई बस्ती में किराए में रहकर मजदूरी करता है। बाद में पुलिस ने पीडि़त पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
नाम बदलकर रह रहा था आरोपित
पुलिस के मुताबिक मासूम से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला अपना नाम बदलकर किराए में रह रहा था। आरोपित ने आसपास के लोगों के साथ ही मकान स्वामी को अपना नाम राजू बताया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना नाम रामपुर निवासी आरिफ बताया। बताया जा रहा है कि आरोपित ने अपना नाम बदलकर राजू नाम से आइडी भी बनाई है। इसे लेकर भी स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
प्रमोद कुमार (एसपी क्राइम, यूएसनगर) का कहना है कि ट्रांजिट कैंप में बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास हुआ था। आरोपित पर पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही सत्यापन न कराने वाले मकान स्वामी का भी चालान किया जाएगा।
